गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशंस परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस पर टीचर्स ने पौधारोपण अभियान शुरू कर वर्ष 2026 की थीम ‘क्लाइमेट एक्शन’ का जनसंदेश दिया। मेवाड़ ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशक डाॅ. अलका अग्रवाल ने इस मौके पर कहा कि “क्लाइमेट एक्शन“ मतलब वैश्विक स्तर पर जलवायु कार्रवाई। यह अभियान पर्यावरण पर हो रहे दुष्प्रभावों, उससे मानव और प्रकृति को होने वाले नुकसान से बचने पर प्रकाश डालता है।
उन्होंने कहा कि हम प्रकृति के साथ सामंजस्य बैठाएं और स्वच्छ, हरित और स्थायी जीवन को सक्षम बनाने की नीतियों और विकल्पों में बदलाव लाएं। मेवाड़ ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशंस ने इस दिन को मनाने और युवा पीढ़ी को इस आयोजन के बारे में जागरूक करने के लिए पौधारोपण अभियान शुरू किया है, जो समय-समय पर चलता रहेगा। डाॅ. अलका अग्रवाल ने कहा कि अगली पीढ़ी तक हरियाली पहुंचाने का दायित्व हमारा है। इसे आज ग्लोबल वार्मिंग के संकट में समझना बहुत आवश्यक है। इस मौके पर सभी विभागाध्यक्ष एवं संकाय सदस्य उपस्थित थे।
