ग़ाज़ियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित अजनारा इंटीग्रिटी सोसाइटी में सुकवि अजीत श्रीवास्तव के आवास पर साहित्यिक चर्चा एवं काव्य गोष्ठी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुप्रसिद्ध कवयित्री डाक्टर रमा सिंह ने की। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में, सुप्रसिद्ध कवि डाॅ. चेतन आनंद, उर्दू शायरी की दो नायाब शख्सियतें डाॅ. ज़की तारिक व ताबिश खै़राबादी और सुकवि अजीत श्रीवास्तव ने साहित्यिक गोष्ठियों से संबंधित अपने-अपने संस्मरण साझा किये और वर्तमान में साहित्य जगत से जुड़े विभिन्न आयामों पर एक सकारात्मक चर्चा की। दूसरे सत्र की शुरुआत सुकवि अजीत श्रीवास्तव ने अपने हाइकु की प्रस्तुति से की, जिनमें जीवन के कई पहलुओं को उन्होंने छुआ। तत्पश्चात ताबिश खैराबादी ने कुछ लाजवाब शेर पढे़ और महफिल में उर्दू शायरी की महक घोल दी। सुप्रसिद्ध कवि डाॅ. चेतन आनंद ने अपने चिर-परिचित अंदाज़ में सवैया छंद के साथ कई उत्कृष्ट मुक्तक प्रस्तुत किए और सभी का दिल जीत लिया। उर्दू शायरी के मज़बूत स्तंभ डाॅ. ज़की तारिक साहब ने अपनी शायरी से सभी को आनन्दित कर दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही डाॅ. रमा सिंह ने सभी की प्रस्तुतियों को सराहा और बेहद मर्मस्पर्शी गीत प्रस्तुत कर गोष्ठी में चार चाँद लगा दिये। मेज़बान की भूमिका में सुनंदा श्रीवास्तव ने अपना योगदान दिया। गोष्ठी में सुरेश श्रीवास्तव, पुष्पा श्रीवास्तव और एनसी पाराशर की गरिमामयी उपस्थित रही।
