आकाशवाणी के 90 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश की विविध सांस्कृतिक एवं संगीत परंपराओं की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दर्शकों को एक अद्भुत अनुभव प्रदान करेंगी। कार्यक्रम में शास्त्रीय संगीत, लोक-संगीत, सूफी गायन, युवा संगीत तथा लोकनृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियाँ शामिल होंगी।
कार्यक्रम का शुभारंभ *“नाद @90”* से होगा, जिसमें आकाशवाणी के कलाकारों द्वारा शास्त्रीय संगीत ऑर्केस्ट्रा की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। इस संगीतमय रचना के संगीत संयोजक सुप्रसिद्ध संगीतकार शक्ति पद नाग हैं।
इसके पश्चात *“रंग पंजाबी”* के अंतर्गत पंजाबी लोक एवं सूफी संगीत की प्रस्तुति याकूब गिल एवं उनके दल द्वारा दी जाएगी, जो पंजाब की मिट्टी की सौंधी खुशबू और सूफियाना रंग से वातावरण को सराबोर करेगी।
कार्यक्रम की अगली कड़ी *“यूथ वाइब्स – यंग वॉइसेज़, टाइमलेस चॉइसेज़”* होगी, जिसमें युवा कलाकार नेहा वत्स एवं उनके दल द्वारा हल्के-फुल्के मनोरंजक संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी। यह प्रस्तुति युवा ऊर्जा और लोकप्रिय संगीत का सुंदर संगम प्रस्तुत करेगी।
सांस्कृतिक संध्या का समापन *“मारू तरंग”* से होगा, जिसमें प्रसिद्ध कालबेलिया नृत्यांगना गुलाबो देवी सपेरा एवं उनके दल द्वारा राजस्थान के लोकनृत्य एवं लोकसंगीत की जीवंत प्रस्तुति दी जाएगी। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा और लोकधुनों से सजी यह प्रस्तुति राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएगी।
यह सांस्कृतिक आयोजन भारतीय संगीत, लोककला और परंपराओं की विविधता का उत्सव है तथा आकाशवाणी की 90 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को समर्पित है।
