दिल्ली के सुनियोजित एवं समग्र विकास के लिए लागू किए गए मास्टर प्लान-2047 की सराहना करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता एवं शाहदरा जिला प्रभारी डॉ. अनिल गुप्ता ने मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता एवं दिल्ली सरकार को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मास्टर प्लान-2047 में औद्योगिक क्षेत्रों को बदलते समय और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने के लिए किए गए प्रावधान दिल्ली के उद्यमियों, कामगारों और युवाओं के लिए नई संभावनाएं लेकर आएंगे।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि मास्टर प्लान-2047 की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता “जहाँ उत्पादन, वहीं बिक्री” की व्यवस्था है। अब उद्यमी जिस औद्योगिक परिसर में अपना उत्पादन कर रहे हैं, वहीं अपने उत्पादों की बिक्री के लिए दुकान भी संचालित कर सकेंगे। इससे उन्हें अपना तैयार माल बेचने के लिए अलग-अलग थोक बाजारों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। समय और परिवहन खर्च की बचत होगी तथा उद्यमी सीधे अपने ग्राहकों तक पहुंच सकेंगे। विशेष रूप से छोटे और मध्यम उद्यमियों के लिए यह व्यवस्था उनके व्यवसाय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगी।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक परिसरों में प्रशासनिक कार्यालय, खुदरा विक्रय केंद्र, दुकान, कैंटीन और एटीएम जैसी आवश्यक सुविधाओं के उपयोग का प्रावधान भी किया गया है। इससे उद्योगों के दैनिक संचालन में सुविधा बढ़ेगी और उद्यमियों, कर्मचारियों तथा ग्राहकों को आवश्यक सेवाएं परिसर में ही उपलब्ध हो सकेंगी।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि आज के दौर में स्टार्टअप और नए उद्यम रोजगार और आर्थिक विकास के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। मास्टर प्लान-2047 में औद्योगिक क्षेत्रों में स्टार्टअप, नवाचार और आधुनिक व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहन दिए जाने से युवाओं को अपने नए विचारों को व्यवसाय में बदलने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक भूखंडों के लिए एफएआर में वृद्धि भी उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान है। इससे उद्यमियों को अपने उपलब्ध भूखंड का बेहतर उपयोग करने, आधुनिक मशीनरी लगाने, उत्पादन क्षमता बढ़ाने और उद्योगों के विस्तार में सुविधा मिलेगी।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि बड़े औद्योगिक भूखंडों पर श्रमिकों के आवास की सुविधा का प्रावधान भी स्वागत योग्य है। इससे कामगारों को कार्यस्थल के आसपास रहने की सुविधा मिल सकेगी और उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सर्विस सेंटरों को औद्योगिक गतिविधि के रूप में मान्यता देना तथा ऑटोमोबाइल मरम्मत कार्यशालाओं को औद्योगिक गतिविधि में शामिल करना भी व्यावहारिक एवं महत्वपूर्ण निर्णय है। इससे वाहन सेवा, रखरखाव और तकनीकी कार्यों से जुड़े कारोबारियों को अपनी गतिविधियां व्यवस्थित ढंग से संचालित करने में सुविधा मिलेगी।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि फ्रेंड्स कॉलोनी औद्योगिक क्षेत्र, झिलमिल औद्योगिक क्षेत्र, उत्तर शाहदरा तथा शाहदरा जिले के अन्य पुराने औद्योगिक क्षेत्रों के लिए ये प्रावधान विशेष महत्व रखते हैं। वर्षों से दिल्ली की अर्थव्यवस्था और रोजगार में योगदान देने वाले इन क्षेत्रों को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए मास्टर प्लान-2047 एक मजबूत आधार प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में सड़क, पार्किंग, माल चढ़ाने-उतारने की सुविधा, जल निकासी, सीवर, बिजली, अग्नि सुरक्षा तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में भी मास्टर प्लान महत्वपूर्ण है। इससे औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले उद्यमियों और श्रमिकों के लिए बेहतर वातावरण तैयार होगा।
डॉ. अनिल गुप्ता ने कहा कि मास्टर प्लान-2047 केवल जमीन और भवनों के उपयोग की योजना नहीं है, बल्कि यह दिल्ली की अर्थव्यवस्था, उद्योग, व्यापार, रोजगार और उद्यमिता को नई दिशा देने वाला व्यापक विकास का खाका है। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता के नेतृत्व में दिल्ली सरकार ने उद्योगों की बदलती आवश्यकताओं को समझते हुए भविष्य की दिल्ली के लिए सकारात्मक और दूरदर्शी सोच प्रस्तुत की है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के संकल्प के अनुरूप दिल्ली सरकार का यह प्रयास विकसित दिल्ली के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
डॉ. अनिल गुप्ता ने कहा जहाँ उत्पादन, वहीं बिक्री’ की व्यवस्था मास्टर प्लान-2047 की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है। इसके साथ स्टार्टअप के लिए अवसर, एफएआर में वृद्धि, श्रमिक आवास तथा सर्विस सेंटर और ऑटोमोबाइल मरम्मत कार्यशालाओं को औद्योगिक गतिविधि की मान्यता जैसे प्रावधान दिल्ली के उद्योगों को नई गति देंगे। मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता और दिल्ली सरकार का यह प्रयास दिल्ली के उद्यमियों को मजबूत बनाने और राजधानी को आर्थिक रूप से अधिक सक्षम बनाने की दिशा में अत्यंत सराहनीय कदम है
डॉ. अनिल गुप्ता
प्रदेश मुख्य प्रवक्ता, भारतीय जनता पार्टी
प्रभारी, शाहदरा जिला, दिल्ली
