नई दिल्ली, 22 नवंबर 2026 भारत मंडपम में यमुना परिवार काउंसिल द्वारा आयोजित राष्ट्रीय अभियान ‘माँ यमुना जी का संरक्षण एवं जन-संकल्प’ कार्यक्रम में युवा गायक सत्यम उपाध्याय ने अपनी भावपूर्ण एवं भक्तिमय संगीतमय प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। राधाकृष्ण, माँ यमुना की महिमा और भक्ति को समर्पित उनकी सुरमयी प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। उनकी मधुर आवाज़, भावपूर्ण गायन एवं संगीत के प्रति समर्पण की उपस्थित अतिथियों, संत-महात्माओं और यमुना साधकों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
इस अवसर पर सत्यम उपाध्याय को परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश के परमाध्यक्ष एवं यमुना परिवार काउंसिल के मुख्य संरक्षक परम पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी महाराज का स्नेहिल आशीर्वाद प्राप्त हुआ। साथ ही, उपस्थित यमुना साधकों एवं गणमान्य अतिथियों ने उनकी प्रस्तुति की प्रशंसा कर उनका उत्साहवर्धन किया। यह सम्मान और आशीर्वाद सत्यम के लिए अविस्मरणीय अनुभव रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लोकसभा अध्यक्ष श्री ओम बिरला उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री प्रकाश श्रीवास्तव तथा परम पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी महाराज का सान्निध्य प्राप्त हुआ।
अन्य प्रमुख अतिथियों में प्रख्यात पत्रकार एवं न्यूज एंकर श्री शुभांकर मिश्रा, पंजाब केसरी की चेयरपर्सन श्रीमती किरण चोपड़ा, प्रख्यात उद्योगपति एवं समाजसेवी श्री महेंद्र शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री गोपाल कृष्ण अग्रवाल, यमुना परिवार काउंसिल के संरक्षक डॉ. एस. एस. अग्रवाल, उद्योगपति एवं समाजसेवी श्री राकेश बिंदल, सलाहकार बोर्ड के अध्यक्ष श्री सत्य भूषण जैन तथा समाजसेविका श्रीमती रंजना गर्ग की गरिमामयी उपस्थिति रही।
अपने संबोधन में श्री ओम बिरला, लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि माँ यमुना केवल एक नदी नहीं, अपितु भारत की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत हैं। गंगा और यमुना जैसी नदियों की स्वच्छता एवं संरक्षण के लिए समाज को अपनी आध्यात्मिक संस्कृति के साथ-साथ पर्यावरण के प्रति भी जागरूक होना होगा। उन्होंने कहा कि यदि हमें भारत की सनातन संस्कृति, उसके संस्कारों एवं विचारों को आगे बढ़ाना है, तो अपनी विरासत और नदियों विशेषकर माँ यमुना एवं माँ गंगा को स्वच्छ रखना होगा। इनका संरक्षण पूरे राष्ट्र की जिम्मेदारी है। परम पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी महाराज पूज्य स्वामी चिदानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि माँ यमुना हमारी आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा की जीवनधारा हैं। जिस माँ की हम पूजा करते हैं, उनकी स्वच्छता की जिम्मेदारी भी हमें स्वयं उठानी होगी। यमुना में गंदगी न डालना, प्लास्टिक के उपयोग को रोकना और नदी के प्राकृतिक प्रवाह को सुरक्षित रखना ही सच्ची यमुना सेवा है। पूज्य स्वामी जी ने कहा कि जिस प्रकार ऋषिकेश और वाराणसी में माँ गंगा की आरती होती है, उसी प्रकार उन्हें पूर्ण विश्वास है कि भारत सरकार एवं दिल्ली सरकार के सहयोग से आने वाले समय में दिल्ली के यमुना तट पर भी भव्य यमुना आरती का आयोजन अवश्य होगा। श्री कपिल गर्ग, निदेशक, यमुना परिवार काउंसिल ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रत्येक नागरिक को यमुना साधक बनाना और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, निर्मल एवं अविरल यमुना सौंपना है।
कार्यक्रम में नमो नमः बैंड के संस्थापक श्री विक्की उपाध्याय एवं युवा गायक सत्यम उपाध्याय की संगीतमय प्रस्तुतियाँ विशेष आकर्षण रहीं। सत्यम की प्रस्तुति ने संगीत के माध्यम से भक्ति, संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश को प्रभावशाली ढंग से जन-जन तक पहुँचाया।
कार्यक्रम का समापन माँ यमुना जी की अविरलता, निर्मलता एवं स्वच्छता के सामूहिक जन-संकल्प व यमुना जी की आरती के साथ हुआ। इस कार्यक्रम का सफल संयोजन काउंसिल के निदेशक श्री कपिल गर्ग एवं यमुना महाआरती की सह-संयोजिका श्रीमती कंचन गर्ग ने किया।

