आज हम एक ऐसे संक्रमणकाल से गुजर रहे हैं, जहाँ एक ओर तकनीक ने दुनिया को हमारी मुट्ठी में समेट दिया है, वहीं दूसरी ओर भाषा, साहित्य और पत्रकारिता के सामने अनेक नई चुनौतियाँ खड़ी कर दी हैं। प्रश्न यह है कि बदलते समय में हिंदी कहाँ खड़ी है? साहित्य की भूमिका क्या है? और पत्रकारिता अपनी विश्वसनीयता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व को किस प्रकार सुरक्षित रख सकती है? बात करें हिन्दी की तो हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं है, यह करोड़ों लोगों की संवेदनाओं, संस्कारों, स्मृतियों और सांस्कृतिक विरासत की संवाहक है। हिंदी ने सदियों से समाज को जोड़ने का कार्य किया है। कबीर, तुलसी, सूर, मीरा, भारतेन्दु, प्रेमचंद, निराला, महादेवी वर्मा, रामधारी सिंह दिनकर और अज्ञेय जैसे साहित्यकारों ने हिंदी को समृद्ध ही नहीं किया, बल्कि उसे सामाजिक परिवर्तन और जनचेतना का सशक्त माध्यम भी बनाया। आज हिंदी का प्रसार निरंतर बढ़ रहा है। डिजिटल माध्यमों, सोशल मीडिया, सिनेमा, इंटरनेट और संचार के नए साधनों ने हिंदी को एक व्यापक मंच दिया है। विदेशों में भी हिंदी के प्रति रुचि बढ़ी है। लेकिन हमें यह भी स्वीकार करना होगा कि हिंदी के विस्तार के साथ उसकी भाषायी शुद्धता, अभिव्यक्ति की गरिमा और मौलिकता को लेकर चुनौतियाँ सामने आई हैं। अंग्रेजी के बढ़ते प्रभाव के कारण अनेक बार हिंदी को हीन भावना से देखा जाता है। शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, तकनीक और रोजगार के अनेक क्षेत्रों में हिंदी को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाया है। यह स्थिति बदलनी चाहिए। हमारा उद्देश्य अंग्रेजी का विरोध करना नहीं, बल्कि हिंदी सहित सभी भारतीय भाषाओं को सम्मानजनक स्थान दिलाना होना चाहिए। हमें ऐसी हिंदी चाहिए जो सरल हो, आधुनिक हो, वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समृद्ध हो और विश्व के ज्ञान-विज्ञान को आत्मसात करने की क्षमता रखती हो।
अब बात की जाए साहित्य की तो साहित्य समाज का दर्पण ही नहीं, दिशा निर्देशक भी होता है। साहित्य किसी समाज की आत्मा होता है। वह केवल मनोरंजन नहीं करता, बल्कि मनुष्य को सोचने, समझने और प्रश्न करने की दृष्टि देता है। साहित्यकार अपने समय का साक्षी भी होता है और अपने समय की विसंगतियों के विरुद्ध खड़ा होने वाला एक सजग प्रहरी भी। आज साहित्य के सामने सबसे बड़ी चुनौती उसकी सामाजिक प्रासंगिकता बनाए रखने की है। बाजारवाद, उपभोक्तावाद, व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं और त्वरित लोकप्रियता की संस्कृति ने साहित्यिक मूल्यों को प्रभावित किया है। आज सोशल मीडिया पर रचनाकारों की संख्या तेजी से बढ़ी है। यह निश्चित रूप से सकारात्मक परिवर्तन है। अब किसी रचनाकार को अपनी रचना पाठकों तक पहुँचाने के लिए केवल स्थापित प्रकाशन संस्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। लेकिन इसके साथ एक प्रश्न भी खड़ा होता है कि क्या अधिक प्रसार ही साहित्यिक गुणवत्ता का प्रमाण है? साहित्य में लोकप्रियता और उत्कृष्टता दोनों का अपना महत्व है, लेकिन लोकप्रिय होने की आकांक्षा में साहित्य की आत्मा से समझौता नहीं किया जाना चाहिए। आज कविता, कहानी, उपन्यास, गीत और गजल के सामने यह चुनौती है कि वे मनुष्य के बदलते जीवन, उसकी पीड़ा, अकेलेपन, संघर्ष, प्रेम, संवेदनहीनता और सामाजिक असमानताओं को किस संवेदनशीलता के साथ अभिव्यक्त करते हैं। हमें ऐसा साहित्य रचना होगा जो समय के प्रश्नों से संवाद करे। किसान की पीड़ा, श्रमिक का संघर्ष, महिलाओं की स्थिति, युवाओं की बेचैनी, बुजुर्गों का अकेलापन, पर्यावरण संकट और मानवीय संबंधों में आती दरारें साहित्य के महत्वपूर्ण विषय होने चाहिए। साहित्य का दायित्व केवल समाज की तस्वीर दिखाना नहीं, बल्कि उसमें बेहतर भविष्य की संभावनाएँ तलाशना भी है।
अब हम चर्चा करते हैं पत्रकारिता की। पत्रकारिता को लोकतंत्र का चैथा स्तंभ कहा जाता है। उसकी भूमिका सत्ता से प्रश्न पूछने, जनता की आवाज बनने, अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और समाज को सही सूचनाएँ उपलब्ध कराने की है। एक समय था जब पत्रकारिता मिशन मानी जाती थी। अनेक पत्रकारों ने आर्थिक कठिनाइयों और तमाम प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। स्वतंत्रता आंदोलन में हिंदी पत्रकारिता की भूमिका इसका ऐतिहासिक प्रमाण है। लेकिन आज पत्रकारिता के स्वरूप में तेजी से परिवर्तन आया है। समाचार माध्यमों पर बाजार का प्रभाव बढ़ा है। टीआरपी, विज्ञापन, व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा और राजनीतिक दबाव के बीच पत्रकारिता के मूल्यों की परीक्षा हो रही है। आज समाचारों की गति इतनी तेज हो गई है कि कई बार उनकी सत्यता की पुष्टि करने का धैर्य भी समाप्त होता दिखाई देता है। सोशल मीडिया पर अफवाहें, भ्रामक सूचनाएँ और आधे-अधूरे तथ्यों का प्रसार गंभीर चिंता का विषय है। पत्रकारिता का उद्देश्य सनसनी पैदा करना नहीं, बल्कि सत्य को सामने लाना होना चाहिए। किसी भी समाचार का पहला धर्म उसकी विश्वसनीयता है। हमें यह समझना होगा कि पत्रकारिता केवल सत्ता के गलियारों की गतिविधियों तक सीमित नहीं हो सकती। गाँव, किसान, मजदूर, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और आम आदमी की समस्याएँ भी समाचारों के केंद्र में होनी चाहिए। पत्रकारिता तभी सार्थक होगी जब समाज का अंतिम व्यक्ति भी उसमें अपनी आवाज सुन सके।
डिजिटल क्रांति और कृत्रिम बुद्धिमत्ता, अवसर भी, चुनौती भी
आज हम कृत्रिम बुद्धिमत्ता अर्थात एआई के दौर में प्रवेश कर चुके हैं। यह तकनीक लेखन, अनुवाद, संपादन, शोध, प्रकाशन और समाचार निर्माण की प्रक्रिया को बदल रही है। एआई के माध्यम से भाषा संबंधी अनेक कठिनाइयाँ दूर की जा सकती हैं। हिंदी में अनुवाद, भाषायी संसाधनों का विकास, दुर्लभ साहित्य का डिजिटलीकरण और नई पीढ़ी तक साहित्य की पहुँच आसान बनाई जा सकती है। लेकिन यहाँ एक बुनियादी प्रश्न है। क्या मशीन मानवीय संवेदना का विकल्प बन सकती है? मेरा मानना है कि तकनीक मनुष्य की सहायक हो सकती है, उसका विकल्प नहीं। मशीन शब्दों को व्यवस्थित कर सकती है, लेकिन जीवन के अनुभवों से उपजी संवेदना, रचनात्मक बेचैनी और मानवीय अनुभूतियों का अपना अलग संसार है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग रचनात्मकता को बढ़ाने के लिए होना चाहिए, न कि मौलिक प्रतिभा को विस्थापित करने के लिए। साहित्य और पत्रकारिता दोनों में तथ्यात्मक शुद्धता, बौद्धिक ईमानदारी और रचनात्मक मौलिकता सर्वोपरि रहनी चाहिए।
भविष्य की दिशाएँ-हमें क्या करना होगा
अब सबसे महत्वपूर्ण प्रश्न है कि भविष्य की दिशा क्या हो? मेरे विचार से इसके लिए कुछ बुनियादी कदम उठाने होंगे। पहला, हिंदी को शिक्षा और रोजगार से जोड़ना होगा। विज्ञान, तकनीक, चिकित्सा, कानून और प्रबंधन जैसे विषयों में उच्चस्तरीय हिंदी सामग्री उपलब्ध करानी होगी। दूसरा, बच्चों और युवाओं में पढ़ने की संस्कृति विकसित करनी होगी। विद्यालयों और महाविद्यालयों में पुस्तकालयों, साहित्यिक गोष्ठियों, वाद-विवाद और रचनात्मक लेखन को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। तीसरा, साहित्यकारों और पत्रकारों को सम्मान के साथ आर्थिक सुरक्षा और संस्थागत सहयोग भी मिलना चाहिए। साहित्यिक पत्रिकाओं और लघु प्रकाशन संस्थानों को प्रोत्साहन देना समय की आवश्यकता है। चैथा, पत्रकारिता में तथ्य-जांच, निष्पक्षता और नैतिकता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। समाचार माध्यमों को अपनी सामाजिक जिम्मेदारी का एहसास होना चाहिए। पाँचवाँ, हिंदी की विभिन्न बोलियों और लोकभाषाओं को भी संरक्षण देना होगा। अवधी, ब्रज, भोजपुरी, बुंदेली, हरियाणवी, राजस्थानी और अन्य लोकभाषाएँ हमारी सांस्कृतिक धरोहर हैं। इनका संरक्षण हिंदी को और अधिक समृद्ध करेगा। छठा, तकनीक के साथ कदम मिलाकर चलना होगा। हिंदी साहित्य का डिजिटलीकरण, ई-पुस्तकों का प्रकाशन, ऑडियो बुक, पॉडकास्ट और ऑनलाइन साहित्यिक मंच भविष्य की बड़ी संभावनाएँ हैं। और सबसे महत्वपूर्ण बात, हमें भाषायी अस्मिता को संकीर्णता में नहीं बदलना चाहिए। हिंदी का विकास भारतीय भाषाओं के परस्पर सहयोग और सम्मान के साथ ही संभव है। अंतिम बात, भाषा बचेगी तो संवेदना बचेगी। आज दुनिया में सूचनाओं की कोई कमी नहीं है, लेकिन संवेदनाओं का संकट अवश्य दिखाई देता है। हमारे पास संवाद के अनगिनत माध्यम हैं, लेकिन सार्थक संवाद कम होता जा रहा है। शब्द बहुत हैं, लेकिन शब्दों की विश्वसनीयता और प्रभावशीलता पर प्रश्न खड़े हो रहे हैं। ऐसे समय में साहित्यकार का दायित्व है कि वह अपने शब्दों से मनुष्यता की लौ जलाए रखे। पत्रकार का दायित्व है कि वह निर्भीकता से सच का पक्ष ले और भाषा का दायित्व है कि वह समाज के हर वर्ग को अभिव्यक्ति का अवसर प्रदान करे। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि भाषा केवल बोलने का माध्यम नहीं, बल्कि सोचने और महसूस करने का आधार भी है। साहित्य केवल पन्नों पर लिखे शब्द नहीं, बल्कि समय और समाज की जीवंत स्मृति है। पत्रकारिता केवल खबरों का कारोबार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा की आवाज है। आइए, हम सब मिलकर हिंदी को ज्ञान, विज्ञान, तकनीक और रोजगार की भाषा बनाने का संकल्प लें। साहित्य को समाज की संवेदनाओं से जोड़ें और पत्रकारिता को उसकी विश्वसनीयता तथा निर्भीकता वापस दिलाने के लिए अपनी भूमिका निभाएँ।
लेखक
डाॅ. चेतन आनंद
(कवि एवं पत्रकार)

