गाजियाबाद। देवप्रभा प्रकाशन की ओर से इस साल भी पावस काव्य गोष्ठी और आम की दावत का आयोजन बेहद सफल रहा। विश्व की पहली महाकवयित्री डाॅ. मधु चतर्वेदी की अध्यक्षता में दो दर्जन कवियों ने काव्य पाठ कर वातावरण को कविताओं की खुशबू से भर दिया। यह कार्यक्रम इस बार शालीमार गार्डन स्थित ट्रू मीडिया चैनल स्टूडियो में किया गया। वरिष्ठ पत्रकार डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति का विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ। कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं सधे हुए अंदाज में संचालन कवि, पत्रकार एवं देवप्रभा प्रकाशन के प्रकाशक डॉ. चेतन आनंद ने किया। इस अवसर पर आमंत्रित सुविख्यात कवयित्री डॉ. रमा सिंह, मशहूर शायर डॉ. ज़की तारिक, सरवर खान सरवर, सुप्रसिद्ध कवि बाबा कानपुरी, अटल मुरादाबादी, अनिल मीत, दोहाकार डॉ. मनोज कामदेव, डॉ. मधुबाला श्रीवास्तव, दीपिका वल्दिया, गरिमा आर्य, संगीता वर्मा, डॉ. प्रशांत सिंह, पूजा श्रीवास्तव, अर्चना मेहता, शोभा सचान, अजीत श्रीवास्तव तथा ज्योति राठौर ने वर्षा, प्रकृति एवं समसामयिक विषयों पर अपनी उत्कृष्ट काव्य प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। सभी को अंगवस्त्र और पुस्तकें देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर सभी साहित्यकारों ने ठंडे दूध एवं आम के फल का आनंद लिया और आत्मीय संवाद के साथ आयोजन की मधुर स्मृतियाँ साझा कीं। अंत में आयोजन के सह-संयोजक अजीत श्रीवास्तव ने सभी का आभर व्यक्त किया।
