पुरुषोत्तम मास के अंतर्गत सात दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन आई.पी. एक्सटेंशन स्थित आईपेक्स भवन में आरंभ हुआ। प्रयागराज से पधारे पूज्य पं. श्रीकांत पाण्डेय जी के सान्निध्य में नरवाना अपार्टमेंट के शिव मंदिर से 151 महिलाओं की भव्य कलश यात्रा निकाली गई। स्थान-स्थान पर कलश यात्रा का पुष्पवर्षा, जल सेवा एवं अन्य शीतल पेय पदार्थों द्वारा स्वागत किया गया।
महाराजा अग्रसेन सभागार में प्रारंभ हुई कथा में व्यासपीठ से पं. श्रीकांत पाण्डेय जी ने सरल भाषा में कथा वाचक और कथा श्रोताओं के संबंध की व्याख्या करते हुए कहा—
श्रोता जब सोता तब वक्ता बकता,
श्रोता जब सुनता – वक्ता फिर वक्ता बनता
अपने प्रवचन में पंडित जी ने भगवान श्रीराम एवं भगवान श्रीकृष्ण दोनों को हारे का सहारा बताते हुए कहा कि जिस प्रकार खाटू नरेश श्याम बाबा को हारे का सहारा कहा जाता है, उसी प्रकार प्रभु श्रीराम और श्रीकृष्ण भी अपने भक्तों के संकट हरने वाले हैं। उन्होंने कहा कि जो भी भक्त सच्चे मन और निर्मल हृदय से भगवान के चरणों में समर्पित होकर उनकी शरण ग्रहण करता है, प्रभु उसे अपना संरक्षण प्रदान करते हैं।
उन्होंने विभीषण प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि जब विभीषण भगवान श्रीराम की शरण में आए, तब प्रभु ने उन्हें अपनाकर संरक्षण प्रदान किया। यह इस बात का प्रमाण है कि प्रभु अपने शरणागत भक्तों का कभी त्याग नहीं करते। चाहे प्रभु श्रीराम हों या श्रीकृष्ण, जो भक्त अपने जीवन के कठिनतम समय में सच्ची श्रद्धा से उनका स्मरण करता है और स्वयं को उनके चरणों में समर्पित करता है, उसकी सहायता भगवान अवश्य करते हैं।
कार्यक्रम के आयोजक, श्री श्याम पुष्प बगिया के प्रमुख एवं सुप्रसिद्ध भजन गायक श्री प्रदीप पुष्प ने सभी श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए निवेदन किया कि प्रतिदिन सायं 3:00 बजे इसी स्थान पर आयोजित श्रीराम कथा में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ प्राप्त करें।
कथा कार्यक्रम का विवरण इस प्रकार है :
3 जून 2026** – राम नाम महिमा एवं शिव विवाह
4 जून 2026** – श्रीराम प्रकटोत्सव
5 जून 2026** – श्रीराम विवाह एवं परशुराम संवाद
6 जून 2026** – श्रीराम वनवास एवं केवट संवाद
7 जून 2026** – भरत मिलाप एवं सीता हरण
8 जून 2026** – माता शबरी संवाद एवं नवधा भक्ति
9 जून 2026 (दोपहर 2:00 बजे से सायं 6:00 बजे तक) – श्रीराम-हनुमान
मिलन, सुंदरकाण्ड प्रसंग, कथा विश्राम, पूजन एवं हवन
इस अवसर पर व्यास गद्दी से समाजसेवी श्री सुरेश बिंदल, एडवोकेट चंद्रभान बंसल तथा भवन सचिव श्री योगेंद्र बंसल को आशीर्वाद स्वरूप अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में श्री अजय अग्रवाल रामकृष्ण, श्री अजय अग्रवाल सांवर, श्री अंकित गुप्ता, श्री दीपक बिंदल, श्री मृदुल गुप्ता, श्री प्रदीप गुप्ता 'पुष्प', श्री राजीव अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु विशेष रूप से उपस्थित रहे।
**प्रेषक – सुरेश बिंदल**
