नई दिल्ली। प्रतिष्ठित चैनल एवं साहित्यिक पत्रिका ट्रू मीडिया के तत्वावधान में वरिष्ठ साहित्यकार एवं कवयित्री डॉ. भूपिंदर कौर सचदेवा के सम्मान में एक भव्य काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। साहित्य, संस्कृति और सम्मान की इस गरिमामयी संध्या में दिल्ली/एनसीआर के अनेक प्रतिष्ठित कवि, साहित्यकार और समाजसेवी एक मंच पर एकत्रित हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सूक्ष्म लता महाजन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री पंकज सक्सेना एवं श्री ओमप्रकाश प्रजापति उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं सुसंचालित संचालन सुश्री लक्ष्मी अग्रवाल ने किया, जिन्होंने अपनी सहज एवं मधुर शैली से पूरे आयोजन को ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ। मंचासीन अतिथियों को अंगवस्त्र एवं मोतियों की माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित साहित्यकारों ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण ही नहीं, बल्कि उसकी आत्मा भी है, जो समय-समय पर समाज को नई दिशा प्रदान करती है। काव्य गोष्ठी में उपस्थित कवियों एवं कवयित्रियों ने अपनी-अपनी रचनाओं के माध्यम से प्रेम, प्रकृति, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक सरोकार, मानवीय संवेदनाओं और समकालीन विषयों पर प्रभावशाली काव्य पाठ प्रस्तुत किया। शब्दों की इस सुरमयी यात्रा में श्रोतागण भाव-विभोर होते रहे और समय-समय पर तालियों की गड़गड़ाहट से कवियों का उत्साहवर्धन करते रहे। इस अवसर पर सर्वश्री ओमप्रकाश प्रजापति, लक्ष्मी अग्रवाल, रितेश कुमार, सागर शर्मा, शिखर कश्यप, पंकज सक्सेना, डॉ. अमरजीत सिंह कलिंगा, रमा गुरु, अभिलाषा अग्रवाल, ललित कुमार शर्मा, प्रवीन रंजन जौनपुरी, राजेश शुक्ला, राजेंद्र महाजन, देवेंद्र शर्मा, पी.के. आजाद, तरुण जैन, अखिलेश पुरोहित, बबली सिंह वान्या, विनोद कुमार वर्मा, भूपेंद्र कौर सचदेवा, डॉ. सूक्ष्म लता महाजन, दीपिका बल्दिया, अपर्णा थपलियाल, जितेंद्र कुमार जीत तथा अरुण कुमार अरुण सहित अनेक साहित्यकार उपस्थित रहे।
ट्रू मीडिया द्वारा सभी कवि-कवयित्रियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं कार्यक्रम की केंद्रबिंदु रहीं डॉ. भूपिंदर कौर सचदेवा को अंगवस्त्र, मोतियों की माला तथा भगवान श्रीराम की पावन तस्वीर भेंट कर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान ग्रहण करते हुए उन्होंने ट्रू मीडिया परिवार का आभार व्यक्त किया तथा साहित्य को समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बताया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में डॉ. सूक्ष्म लता महाजन ने कहा कि ऐसे आयोजन साहित्यिक चेतना को जीवित रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। वहीं अतिथियों ने ट्रू मीडिया द्वारा साहित्यकारों को सम्मान देने की इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना की। श्री पंकज सक्सेना ने ट्रू मीडिया के श्री ओमप्रकाश प्रजापति व अशोक कुमार को उपहार भेट कर सम्मानित किया,कार्यक्रम के अंत में ट्रू मीडिया के मुख्य संपादक श्री ओमप्रकाश प्रजापति ने सभी अतिथियों, कवियों, साहित्यप्रेमियों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ट्रू मीडिया भविष्य में भी साहित्य, संस्कृति और समाजहित के ऐसे आयोजनों के माध्यम से रचनात्मक अभिव्यक्तियों को मंच प्रदान करता रहेगा। यह काव्य गोष्ठी साहित्यिक सौहार्द, रचनात्मक ऊर्जा और सम्मान की भावनाओं से ओत-प्रोत एक यादगार आयोजन के रूप में लंबे समय तक स्मरणीय रहेगी।
