आज दिनांक 03/05/2026 को दिल्ली हैल्थकेयर कोआपरेटिव सोसायटी के तत्वावधान में विश्व हास्य दिवस ( World laughter Day) पर एक ओनलाइन वेबीनार का आयोजन पूर्वी दिल्ली में जस्सको सोसायटी के शारदा भवन से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डा सुशील कुमार विमल, उपायुक्त, स्वास्थ्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा किया गया। अपने संबोधन भाषण में डा सुशील कुमार विमल जी ने बताया कि विश्व हास्य दिवस प्रत्येक वर्ष मई के पहले रविवार को मनाया जाता है। यद्यपि सर्व प्रथम डॉ मदन कटारिया जी द्वारा 11 जनवरी 1998 को बम्बई (महाराष्ट्र) में हास्य योग क्लब की स्थापना की गई।डॉ विमल जी ने आगे बताया कि हंसने से मनुष्य में हैप्पी हारमोन पैदा होता है जो व्यक्ति में सकारात्मकता लाता है तथा नकारात्मकता को दूर करता है। जब व्यक्ति समूह में हंसता है तो यह सकारात्मक ऊर्जा पूरे क्षेत्र में फैल जाता है और क्षेत्र से नकारात्मक ऊर्जा को हटाता है।
हास्य एक सार्वभौमिक भाषा है। इसमें जाति, धर्म, रंग, लिंग से परे रहकर मानवता को समन्वय करने की क्षमता है। हंसी विभिन्न समुदायों को जोड़कर नए विश्व का निर्माण एवं दुनिया को एकजुट कर सकती है। पूर्व विज्ञान अध्यापक श्री देवेंद्र पाल सिंह दलाल जी ने बताया कि वर्ष 2026 की विश्व हास्य दिवस की थीम "हास्य के द्वारा विश्व शांति" (World Peace through Laughter) निर्धारित की गई है। जब एक प्रसन्नचित व्यक्ति दूसरे प्रसन्नचित व्यक्ति का प्रसन्नता पूर्वक स्वागत करता है तो वहाँ कभी अशांति हो ही नहीं सकती। यही सिद्धांत दो या अधिक देशों के राष्ट्र अध्यक्षों पर भी लागू होता है। अतः हंसना प्रत्येक व्यक्ति के लिए बहुत आवश्यक है क्योंकि मानव शरीर में पेट और छाती के बीच में एक झिल्ली (डायफ्राम) होती है, जो हँसते समय धौंकनी का कार्य करती है। और परिणामतः पेट, फेफड़े और यकृत की मालिश हो जाती है। हँसने से प्राणवायु का संचार अधिक होता है व दूषित वायु बाहर निकलती है। नियमित रूप से खुलकर हँसना शरीर के सभी अवयवों को ताकतवर और पुष्ट करता है व शरीर में रक्त संचार की गति बढ़ जाती है तथा पाचन तंत्र अधिक कुशलता से कार्य करता है।
दिल्ली हैल्थकेयर कोआपरेटिव सोसायटी के अध्यक्ष श्री गजेन्द्र पाल सिंह सारन जी ने बताया कि हंसना प्रत्येक व्यक्ति के लिए वरदान से कम नहीं है क्योंकि हंसने से उत्पन्न एंडोरफिन हारमोन हमारे तनाव को कम करता है। इम्यूनिटी को स्ट्रोंग (मजबूत) करता है। ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करता है। गवर्नमेंट एम्प्लाईज अर्बन थ्रिफ्ट एंड क्रेडिट सोसायटी के अध्यक्ष डॉ रवि अम्बेस्ट जी ने बताया कि आज हंसने के सकारात्मक बदलावों को ध्यान में रखते हुए बड़ी संख्या में हास्य क्लबों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने हंसी के ब्रांड एम्बेसडर काका हाथरसी को याद किया तथा सलाह दी कि अच्छे मानसिक स्वास्थ्य के लिए दोस्तों और परिवार के सदस्यों के साथ बैठें, हंसी मजाक करें, कमेडी करें। लाफ्टर क्लब जोइन करें। पूर्व उप शिक्षा निदेशक डॉ एम पी एस दांगी जी ने बताया कि मानव के लिए हंसना सबसे अच्छी औषधि है। (Laughter is the best medicine for human being) हमें अपने मन के अंदर चल रही समस्याओं को भूल कर आगंतुकों का मुस्कुरा कर स्वागत करना चाहिए। इससे हमारे आसपास सकारात्मक ऊर्जा का संचार होगा। कार्यक्रम में नागालैंड विश्व विद्यालय के चांसलर डा एस एन पांडेय जी, जस्सको प्रबंधक श्री निर्दोष तेवतिया, श्रीमती सविता रानी, कुमारी डिम्पल, कुमारी खुशी तेवतिया, कुमारी निधि पाल श्री मुकेश प्रजापति सहित बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया।
