दिल्ली विश्वविद्यालय के पीजीडीएवी कॉलेज (सांध्य) जी एलुमनी एसोसिएशन द्वारा पारिवारिक मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रो. राजेंद्र मोहन भारद्वाज ने कहा कि कॉलेज की प्रतिष्ठा में उसके पूर्व छात्रों का बहुत बड़ा योगदान होता है। इस कॉलेज से पढ़कर कॉलेज के विद्यार्थी अनेक क्षेत्रों में अपनी पहचान बना चुके हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कॉलेज के प्राचार्य प्रो रवींद्र कुमार गुप्ता ने कहा कि संध्याकालीन कॉलेजों को लेकर हमेशा से यह भ्रांति रही है कि वे सर्वश्रेष्ठ नहीं दे सकते। जबकि इस कॉलेज से पढ़कर अनेक विद्यार्थी बड़ी बड़ी कम्पनियों में ऊंचे पदों पर रहने के साथ ही अलग अलग क्षेत्रों में भी व्यवसाय कर रहे हैं। सीके अतिरिक्त चाहे खेल के क्षेत्र हो या अभिनय का, चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो या राष्ट्र सेवा का, सभी में कॉलेज के विद्यार्थियों ने यहां का मान रखा है।
कार्यक्रम का आरंभ पवित्र हवन से किया गया। डॉ योगेश शर्मा द्वारा आर्यसमाजी पद्धति से किए गए हवन ने वातावरण को शुद्ध बना दिया। इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष आनंद शर्मा ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि हमारा संकल्प केवल पारिवारिक मंगल मिलन का आयोजन नहीं है बल्कि इसके माध्यम से लोगों में सोशल मीडिया के कारण मिलने की प्रवृत्ति को खत्म होने से बचाना है। इस अवसर पर डॉ एस सी शर्मा ने सभी को आशीर्वाद ने देते कहा कि ऐसे आयोजन हमारी परंपराओं को जीवंत बनाए रखते हैं।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे एसोसिएशन के महासचिव प्रो. हरीश अरोड़ा ने कॉलेज के गौरवशाली इतिहास ये वर्तमान में चल रहे प्रकल्पों की जानकारी देते हुए कहा कि महर्षि दयानंद स्वामी के विचारों से युक्त होकर ही हम व्यक्ति निर्माण की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने बताया कि यह आयोजन परिवार की संकल्पना को जीवंत बनाने और बच्चों को राष्ट्र के मूल्यों के साथ जोड़ने के लिए ऐसे आयोजन आवश्यक हैं।
इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया और विजेताओं को प्रमाण पत्र दिए गए। कार्यक्रम में कॉलेज की सांस्कृतिक समिति 'कलांजलि' द्वारा उसकी अध्यक्ष जानवी के नेतृत्व अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्रस्तुत किया गया। पूरे दिन चले इस आयोजन में विभिन्न पकवानों का 600 से अधिक लोगों ने आनंद उठाया।
कार्यक्रम के अंत में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष एस सी सागर द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया। कार्यक्रम में जी कृष्णन, अशोक सैनी, विनीत सूरी, जयप्रकाश, महेश डांग, मनोज कुमार प्रदीप प्रजापति, मेघा, दिनेश, नरेश आदि ने अपना विशेष सहयोग प्रदान किया।
इस अवसर पर कॉलेज के अनेक प्राध्यापक और गैर शैक्षणिक कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
