उज्जैन। महाकाल की पावन नगरी उज्जैन में 5 फरवरी 2026 को एक गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें ट्रू मीडिया पत्रिका के संपादक श्री ओमप्रकाश प्रजापति को सांस्कृतिक चेतना संवाहक–2026 की उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्रजापति जी को सार्वभौम मानव विकास संस्थान (उज्जैन) के अध्यक्ष आचार्य शैलेंद्र पाराशर द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर आचार्य शैलेंद्र पाराशर ने कहा कि श्री ओमप्रकाश प्रजापति इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के माध्यम से निरंतर समाज में सांस्कृतिक चेतना के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रजापति जी ने लेखकों, साहित्यकारों, विद्वानों एवं समाजसेवियों के व्यक्तित्व-कृतित्व पर आधारित विशेषांकों के प्रकाशन द्वारा न केवल उनकी रचनात्मक साधना को मंच प्रदान किया, बल्कि समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य भी किया है। कार्यक्रम में यह भी उल्लेख किया गया कि ट्रू मीडिया पत्रिका आज केवल एक समाचार पत्रिका नहीं, बल्कि साहित्य, संस्कृति, शिक्षा और सामाजिक मूल्यों की संवाहक बन चुकी है। इसके माध्यम से अनेक नवोदित लेखकों को पहचान मिली, वहीं वरिष्ठ साहित्यकारों के विचारों को व्यापक समाज तक पहुँचाने में भी महत्त्वपूर्ण योगदान दिया गया। सम्मान ग्रहण करते हुए श्री ओमप्रकाश प्रजापति ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत नहीं, बल्कि उन सभी लेखकों, पत्रकारों और साहित्यप्रेमियों का है, जो समाज में रचनात्मक चेतना के लिए सतत प्रयासरत हैं। प्रजापति जी ने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी ट्रू मीडिया सांस्कृतिक मूल्यों, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक सरोकारों को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य करती रहेगी। समारोह में देशभर से आए साहित्यकारों, पत्रकारों, शिक्षाविदों एवं समाजसेवियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि आज के भौतिकतावादी युग में ऐसे सम्मान समाज को नई दिशा और प्रेरणा देने का कार्य करते हैं। महाकाल की नगरी में मिला यह सम्मान निश्चय ही भारतीय सांस्कृतिक चेतना के क्षेत्र में एक प्रेरक और ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में स्मरणीय रहेगा।
