उज्जैन। 5 फरवरी 2025 को महाकाल की पावन नगरी उज्जैन में हिंदी साहित्य और मीडिया जगत के लिए एक ऐतिहासिक एवं स्मरणीय अवसर देखने को मिला, जब ट्रू मीडिया पत्रिका का विशेष अंक इंजीनियर शिवेंद्र शर्मा (उज्जैन, मध्य प्रदेश) के व्यक्तित्व–कृतित्व पर केन्द्रित भव्य समारोह के बीच लोकार्पित किया गया। यह आयोजन साहित्य, संस्कृति और बौद्धिक विमर्श का एक अनुपम संगम बन गया।कार्यक्रम में आशीर्वचन पीठाधीश्वर अनंत श्री विभूषित स्वामी श्री वितरागानंद सरस्वती जी महाराज की गरिमामयी उपस्थिति रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर श्री नागेश्वर राव (पूर्व कुलपति) ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में आचार्य शैलेंद्र पाराशर (अध्यक्ष, सार्वभौम मानव विकास संस्थान, उज्जैन) उपस्थित रहे। सारस्वत अतिथि के रूप में प्रोफेसर हरिमोहन बुधोलिया (अध्यक्ष, मध्य प्रदेश लेखक संघ, उज्जैन) ने समारोह की शोभा बढ़ाई। विशिष्ट अतिथियों में ट्रू मीडिया पत्रिका के संपादक श्री ओमप्रकाश प्रजापति (नई दिल्ली), प्रख्यात कवि डॉ. शिव चौरसिया तथा चर्चित कवयित्री डॉ. पाखुंडी वक्त प्रमुख रूप से मंचासीन रहे। मंच संचालन का दायित्व डॉ. प्रतिभा शर्मा (एंकर एवं मोटिवेशनल स्पीकर, उज्जैन) ने अत्यंत सधे, भावपूर्ण और प्रभावशाली अंदाज में निभाया, जिससे पूरा वातावरण जीवंत और प्रेरणास्पद बना रहा। इस अवसर पर वक्ताओं ने इंजीनियर शिवेंद्र शर्मा के बहुआयामी व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकारों, साहित्यिक रुचि और रचनात्मक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि शिवेंद्र शर्मा न केवल तकनीकी क्षेत्र में दक्ष हैं, बल्कि मानवीय मूल्यों, साहित्यिक चेतना और सामाजिक संवेदनाओं के भी सशक्त प्रतिनिधि हैं, जिनका व्यक्तित्व नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण ट्रू मीडिया पत्रिका के मुख्य संपादक श्री ओमप्रकाश प्रजापति का उज्जैन में किया गया भव्य अभिनंदन रहा। महाकाल की नगरी में उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पहार और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने ट्रू मीडिया पत्रिका को हिंदी पत्रकारिता और साहित्य को समर्पित एक सशक्त मंच बताते हुए कहा कि यह पत्रिका निरंतर समाज के सकारात्मक और रचनात्मक पक्ष को उजागर कर रही है। समारोह का समापन साहित्य, संस्कृति और मीडिया के उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ हुआ। उपस्थित साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों और सुधी पाठकों ने इस आयोजन को एक ऐतिहासिक और प्रेरक क्षण बताते हुए आयोजकों की मुक्त कंठ से सराहना की।
