मेवाड़ में स्वामी विवेकानंद जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों ने सबका मन मोहा
January 16, 2026
0
गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में स्वामी विवेकानंद जयंती पर आयोजित कार्यक्रमों ने सबका मन मोह लिया। सम्भाषण और कविताओं ने खूब सराहना बटोरी। इस मौके पर इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने स्वामी विवेकानंद को भारत के 65 करोड़ युवाओं का सशक्त प्रतिनिधि बताया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वामी विवेकानंद के मद्रास में ’मेरी क्रांतिकारी योजना’ विषय पर दिये गये भाषण को एक बार जरूर पढ़ें। डॉ. अशोक कुमार गदिया ने स्वामी जी के छात्र जीवन, ईश्वरीय खोज की उनकी गहन जिज्ञासा तथा श्रीरामकृष्ण परमहंस से उनके मिलन का उल्लेख किया। उन्होंने माँ काली से संबंधित महत्वपूर्ण प्रसंग तथा गुरु-शिष्य परंपरा के अंतर्गत आध्यात्मिक ज्ञान के हस्तांतरण की घटना को भी स्पष्ट किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद की शिकागो यात्रा, वहाँ उन्हें प्राप्त अवसरों और उनके ऐतिहासिक भाषण के वैश्विक प्रभाव का वर्णन किया। इसके साथ ही शिकागो से लौटने के बाद चेन्नई में दिए गए उनके भाषण, बंगाल में प्लेग पीड़ितों की निःस्वार्थ सेवा तथा इस अनुभूति पर विशेष बल दिया कि मानव सेवा ही ईश्वर सेवा। निदेशक डॉ. अलका अग्रवाल ने स्वामी विवेकानंद के मूल सिद्धांतों पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से सत्य, चरित्र-निर्माण तथा राष्ट्र की प्रगति और विकास में निष्ठावान एवं समर्पित युवाओं की भूमिका के महत्व को रेखांकित किया। इस अवसर पर निवेदिता, मानसी, तन्नू, शिप्रा, खुशबू, संध्या, अंशिका एंड ग्रुप आदि विद्यार्थियों ने स्वामी विवेकानंद के आदर्शों पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत किये। संचालन आयुषी ने किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की समाप्ति हुई।
