गाजियाबाद, 30 अक्टूबर 2026: काईट मानद विश्वविद्यालय, गाजियाबाद में संस्थान के वार्षिक तकनीकी महोत्सव इनोटेक’26 का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘एक नवाचारी, सुरक्षित एवं सतत विकसित भारत 2047 का निर्माण’ रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नवाचार, रचनात्मकता, उद्यमशीलता और तकनीकी दक्षता को प्रोत्साहित करने के साथ उन्हें देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की 130 से अधिक टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने अभिनव प्रोजेक्ट्स एवं तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन किया। इसके अतिरिक्त, 11 स्टार्टअप्स ने भी अपने नवाचारों एवं उद्यमशील विचारों को प्रदर्शित कर कार्यक्रम को विशेष आयाम प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री सुब्रम नटराजन, चीफ टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन ऑफिसर, एलएंडटी टेक्नोलॉजी सर्विसेज तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. प्रभात मनोचा, अकाउंट टेक्निकल लीडर, IBM इंडिया/साउथ एशिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कृष्णा चैरिटेबल सोसाइटी के सदस्य एवं ट्रस्टी श्री ए.एन. गुप्ता और कोषाध्यक्ष श्री जी.डी. जैन, काईट के कुलपति प्रो. नागराज रामाराव, सम-कुलपति डॉ. मनोज गोयल, निदेशक (अकादमिक) डॉ. आदेश पांडेय तथा संयोजक इनोटेक’26, डीन सूचना प्रौद्योगिकी विभाग एवं कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग – साइबर सिक्योरिटी विभाग, डॉ. पुनीत गोस्वामी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर अपने संबोधन में काईट के कुलपति प्रो. नागराज रामाराव ने शैक्षणिक संस्थानों में नवाचार आधारित वातावरण विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर तकनीक के व्यावहारिक उपयोग को समझने तथा वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा नवाचारियों की रचनात्मक सोच और तकनीकी क्षमता विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्य अतिथि श्री सुब्रम नटराजन ने तेजी से बदलते तकनीकी परिदृश्य में नवाचार के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करने, उभरती तकनीकों को अपनाने तथा ऐसे व्यावहारिक और प्रभावशाली समाधान तैयार करने के लिए प्रेरित किया, जिन्हें व्यापक स्तर पर उपयोग में लाया जा सके।
वहीं, विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रभात मनोचा ने तकनीकी शिक्षा, नवाचार और उद्योगोन्मुखी शिक्षण के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी दक्षताओं को निरंतर मजबूत करने, रचनात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा बदलते औद्योगिक एवं तकनीकी परिवेश के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का संदेश दिया।
महोत्सव के अंतर्गत आयोजित इनोवेशन एक्सपो में विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों के साथ-साथ स्टार्टअप्स ने अपने प्रोजेक्ट्स, प्रोटोटाइप और अभिनव तकनीकी समाधानों का प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रतिभागियों को शिक्षाविदों एवं उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद करने और अपने विचारों को साझा करने का अवसर भी मिला। विजेता प्रतिभगियों को नगद इनाम दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन एवं समन्वयन काईट के सूचना प्रौद्योगिकी विभाग (IT) तथा कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग – साइबर सिक्योरिटी विभाग (CSE-CS) द्वारा किया गया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी तकनीकी प्रतिभा, रचनात्मक सोच और उद्यमशीलता का प्रदर्शन करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना था।
इनोटेक’26 ने नवाचार, तकनीकी उत्कृष्टता और युवा प्रतिभा के उत्सव के रूप में विद्यार्थियों को अपने विचारों को वास्तविक समाधानों में परिवर्तित करने का अवसर प्रदान किया। इस आयोजन के माध्यम से काईट ने अनुसंधान, उद्यमशीलता और व्यावहारिक शिक्षण को बढ़ावा देने तथा एक नवाचारी, सुरक्षित एवं सतत विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपनी प्रतिबद्धता को पुनः रेखांकित किया।

