आज लोनी के खन्ना नगर से ऊर्जा मंत्री के नेतृत्व में निकाली जा रही तिरंगा यात्रा के दौरान उस समय तनाव की स्थिति पैदा हो गई, जब जनहित की आवाज उठाने जा रहे हिंदू रक्षा दल के संगठन मंत्री अमित प्रजापति को भारी पुलिस बल ने उनके घर पर ही रोक दिया। अमित प्रजापति ने कल ही उपजिलाधिकारी (SDM) को ज्ञापन सौंपकर ऊर्जा मंत्री के समक्ष लोनी की बदहाल सड़कों, ठप पड़ी बिजली व्यवस्था और रुके हुए विकास कार्यों का पक्ष रखने की अनुमति मांगी थी। लेकिन प्रशासन ने उन्हें मंत्री जी से मिलने देने के बजाय नजरबंद कर दिया, जिससे उनके समर्थकों में भारी आक्रोश फैल गया।
जनप्रतिनिधि और सत्ता पक्ष पूरी तरह फेल: अमित प्रजापति
घर पर रोके जाने से नाराज अमित प्रजापति और उनके समर्थकों ने वहीं पर बिजली विभाग और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अमित प्रजापति ने तीखा प्रहार करते हुए कहा, "आज लोनी में विकास कार्य पूरी तरह ठप हैं। चारों तरफ सड़कों की हालत बदतर है और बिजली की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। स्थानीय जनप्रतिनिधि और सत्ता पक्ष जनता की समस्याओं को माननीय मंत्री जी तक पहुंचाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुए हैं। जब हमने एक जिम्मेदार नागरिक और संगठन के नाते इस तिरंगा यात्रा को अपनी बात पहुंचाने का माध्यम बनाना चाहा, तो हमें तानाशाही पूर्ण रवैये से रोक दिया गया।"
क्या तिरंगा यात्रा केवल एक पार्टी की है?
अमित प्रजापति ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि देश विरोधी मानसिकता वाले लोगों को आसानी से कार्यक्रमों की अनुमति मिल जाती है, लेकिन जब कोई देशभक्त जनहित के मुद्दे उठाना चाहता है, तो उसे पुलिस के दम पर दबा दिया जाता है। उन्होंने सवाल किया, "क्या तिरंगा यात्रा केवल और केवल एक राजनैतिक पार्टी की है? क्या इसमें आम जनता और अन्य संगठनों का शामिल होना और अपनी जायज मांगें रखना मना है? आज सत्ता पक्ष की खामोशी और विपक्ष को बोलने न देना साफ तौर पर तानाशाही को दर्शाता है।"
भविष्य के लिए गलत मिसाल, आंदोलन रहेगा जारी
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जिस तरह आज उनकी आवाज को दबाया गया है, वह लोनी के भविष्य के लिए एक बहुत बुरा संदेश है। आज जनता को अपने जनप्रतिनिधियों और माननीय मंत्री जी से यह सवाल पूछना चाहिए कि आखिर जनता की आवाज से इतना डर क्यों है? अमित प्रजापति ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की इस दमनकारी नीति से वे डरने वाले नहीं हैं। जब तक लोनी की बिजली व्यवस्था सुचारू नहीं हो जाती और विकास कार्य धरातल पर शुरू नहीं होते, तब तक यह आंदोलन और बड़े स्तर पर जारी रहेगा।
प्रशासनिक गतिरोध के बाद संगठन ने फिलहाल अपना कार्यक्रम स्थगित करते हुए वहीं पर प्रशासन को अपना विरोध दर्ज कराया और माननीय ऊर्जा मंत्री से पुरजोर निवेदन किया कि वे लोनी की बदहाल बिजली व्यवस्था और टूटी सड़कों का तत्काल संज्ञान लेकर समाधान की दिशा में उचित कदम उठाएं।
भवदीय,
हिंदू रक्षा दल लोनी
