गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के विवेकानंद सभागार में अंतराष्ट्रीय युवा दिवस समारोह में ‘प्रेम देना है’ विषय के माध्यम से विद्यार्थियों को सच्चे प्रेम, आत्मचिंतन एवं प्रेरणा की सीख दी गई। जिसका प्रमुख उद्देश्य आत्म-जागरूकता, भावनात्मक दृढ़ता, जीवन-मूल्यों, स्वस्थ संबंधों, करुणा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता विकसित करना था। यह कार्यक्रम मेवाड़ ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशंस, ब्रह्माकुमारीज एवं कर्मा फाउंडेशन ने संयुक्त रूप से आयोजित किया। समारोह में मेवाड़ ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डाॅ. अलका अग्रवाल ने स्वागत भाषण दिया। ब्रह्माकुमारीज दिल्ली-एनसीआर यूथ विंग की जोनल कोर्डिनेटर बीके अनुसूया दीदी ने प्रेम की शुरुआत स्वयं से विषय पर विस्तार से प्रकाश डाला। बीके रोहित भाई ने सम्बंधों में प्रेम की परिभाषा बताई। कवि नगर केन्द्र की बीके राजेश दीदी ने सदा मुस्कुराते रहें विषय पर रोशनी डाली तो कर्मा फाउंडेशन की संस्थापिका ध्वनि जैन ने अपने विचारों में प्रेम को कर्म में उतारने की बात पर बल दिया। इस मौके पर मेवाड़ ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डाॅ. अशोक कुमार गदिया भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों ने ‘प्रेम देना है’ विषय सम्बंधी प्रश्न भी वक्ताओं से पूछे। जिनके वक्ताओं ने समुचित उत्तर दिये। कार्यक्रम का समापन शपथ एवं संकल्प के साथ हुआ।
