बरनाला, 22 अगस्त, 2026:- मानव कल्याण एवं जन सेवा के क्षेत्र में निरंतर किए जा रहे निस्वार्थ सेवा कार्यों के लिए संत निरंकारी मिशन को पंजाब सरकार द्वारा राज्य स्तरीय सम्मान प्रदान किया गया जिसमें पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह सम्मिलित हुए। सेक्टर-35 स्थित म्युनिसिपल भवन में आयोजित राज्य स्तरीय एन.जी.ओ. सम्मेलन के दौरान पंजाब की विभिन्न शाखाओं को उनके उल्लेखनीय समाजसेवी कार्यों के लिए प्रशंसा-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह में संत निरंकारी मिशन द्वारा लंबे समय से चलाए जा रहे रक्तदान शिविरों, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों, स्वच्छता अभियानों, वृक्षारोपण तथा जरूरतमंदों की सहायता जैसे जनकल्याणकारी कार्यों की विशेष सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि मानव जीवन की रक्षा, समाज में जागरूकता फैलाने और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने के उद्देश्य से किए जा रहे ये सेवा कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक उदाहरण हैं।
इस अवसर पर पंजाब के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जोनल इंचार्ज, संयोजक, मुखी एवं सेवादारों ने मिशन की ओर से यह सम्मान प्राप्त किया। यह सम्मान मिशन से जुड़े हजारों स्वयंसेवकों की निस्वार्थ सेवा भावना और निरंतर समर्पण का प्रतीक माना गया।
बरनाला ब्रांच के संयोजक जीवन गोयल ने प्रेस को जानकारी देते हुए कहा कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन में मिशन द्वारा मानव कल्याण को समर्पित अनेक सेवा गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं। इनमें रक्तदान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम, पर्यावरण संरक्षण तथा जरूरतमंद लोगों की सहायता प्रमुख हैं। संत निरंकारी मिशन के लिए मानव सेवा केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आध्यात्मिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मिशन का मूल संदेश ही मानव मात्र की सेवा, भलाई और आपसी प्रेम की भावना को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि युगदृष्टा बाबा हरदेव सिंह जी का प्रेरणादायक संदेश “रक्त नाड़ियों में बहे, नालियों में नहीं” आज भी श्रद्धालुओं को रक्तदान जैसे महान मानवतावादी कार्यों के लिए प्रेरित करता है। इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए संत निरंकारी मिशन द्वारा देश-विदेश में समय-समय पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं, जिनके माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने में योगदान दिया जाता है।
उन्होंने पंजाब सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग का सम्मान प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान किसी एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि संत निरंकारी मिशन से जुड़े प्रत्येक स्वयंसेवक की सामूहिक सेवा भावना का सम्मान है। उन्होंने कहा कि मिशन के सेवादार बिना किसी स्वार्थ, भेदभाव या व्यक्तिगत अपेक्षा के मानवता की सेवा को अपना कर्तव्य समझकर निरंतर कार्य कर रहे हैं।
