नई दिल्ली, 26 अगस्त। लायंस क्लब दिल्ली किरण द्वारा रक्षा बंधन के अवसर पर शांति देवी मित्तल फाउंडेशन, जोशी कॉलोनी में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में फाउंडेशन की 60 अभावग्रस्त परिवारों की बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और भाई-बहन के प्रेम, स्नेह एवं अपनत्व के प्रतीक रक्षा बंधन पर्व को हर्षोल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री वीरेंद्र सचदेवा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, भारतीय जनता पार्टी, दिल्ली रहे। इस अवसर पर लायन वैभव मेहरा, Zone Chairman तथा निगम पार्षद शशि चांदना ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ फाउंडेशन के बच्चों द्वारा प्रस्तुत मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से हुआ। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं बहनों का मन मोह लिया और कार्यक्रम में उत्साह एवं उमंग का माहौल बना दिया।
रक्षा बंधन के अवसर पर फाउंडेशन की बहनों ने लायंस क्लब दिल्ली किरण के उपस्थित भाइयों को राखियां बांधीं तथा उनका मुंह मीठा कराया। मुख्य अतिथि श्री वीरेंद्र सचदेवा एवं लायन वैभव मेहरा ने भी बहनों से राखियां बंधवाईं और उन्हें शुभकामनाएं दीं। इसके पश्चात लायंस क्लब दिल्ली किरण की ओर से सभी बहनों को सम्मान राशि भेंट की गई।
इस अवसर पर लायन सुरेश मित्तल ने शांति देवी मित्तल फाउंडेशन के कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि फाउंडेशन में करीब 600 बच्चे निःशुल्क शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। शिक्षा के साथ-साथ उन्हें विभिन्न हुनर एवं कौशल का प्रशिक्षण भी दिया जाता है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें।
कार्यक्रम से प्रसन्न होकर मुख्य अतिथि श्री वीरेंद्र सचदेवा ने एक छोटी सी बच्ची को बुलाकर अपना अंगवस्त्र एवं माला भेंट की। इस दौरान उन्होंने रक्षा बंधन की शुभकामनाएं देते हुए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। उन्होंने दिल्ली में इन दिनों फैल रहे फ्लू से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील भी की।
कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए लायन सुरेश बिंदल का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में लायन सुरेश बिंदल, लायन बी. डी. बंसल, लायन सागर गर्ग, लायन जी. सी. गुप्ता एवं लायन एल. सी. शर्मा सहित लायंस क्लब दिल्ली किरण के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। कार्यक्रम का संयोजन लायन डॉ. अंजलि गुप्ता एवं लायन सुरेश मित्तल ने किया।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों, क्लब सदस्यों एवं फाउंडेशन की बहनों ने मिठाई तथा पुरानी दिल्ली की मशहूर चाट का आनंद लिया।
