साहिबाबाद (गाजियाबाद) के शालीमार गार्डन स्थित ट्रू मीडिया स्टूडियो में साहित्य, संस्कृति और भारत–नेपाल मैत्री को समर्पित एक गरिमामय साहित्यिक आयोजन सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मानसखंड फाउंडेशन, महेंद्र नगर (नेपाल) के वरिष्ठ साहित्यकार एवं प्रबंध निदेशक श्री हेमबाबू लेखक, फाउंडेशन के पूर्व अध्यक्ष श्री रमेश पंत ‘मीतबंधु’, पूर्व उपाध्यक्ष श्री गंगा प्रसाद रिजाज तथा मानसखंड गुरुकुल के सलाहकार श्री टेकराज पनेरु विशेष रूप से पधारे। कार्यक्रम के दौरान ट्रू मीडिया के मुख्य संपादक डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति एवं कवि नीरज नयन नायब ने नेपाल से पधारे सभी साहित्यकारों का तिरंगा पटका पहनाकर, ट्रू मीडिया कैलेंडर भेंट कर तथा मानसखंड फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री हेमबाबू लेखक को स्मृति- चिह्न प्रदान कर आत्मीय सम्मान किया। यह सम्मान भारत–नेपाल की साझा साहित्यिक परंपरा, सांस्कृतिक एकता और रचनात्मक संवाद का प्रतीक रहा। इस अवसर पर दोनों देशों की साहित्यिक परंपराओं, मानस साहित्य, लोकसंस्कृति, नई पीढ़ी में साहित्यिक चेतना के विस्तार तथा भारत- नेपाल के सांस्कृतिक संबंधों को और सुदृढ़ करने जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि साहित्य सीमाओं से परे मानवीय संवेदना को जोड़ने का कार्य करता है और ऐसे संवाद भविष्य में रचनात्मक सहयोग की नई संभावनाएँ खोलते हैं।
डॉ. ओमप्रकाश प्रजापति ने कहा कि ट्रू मीडिया का उद्देश्य साहित्य, कला और संस्कृति को जन–जन तक पहुँचाना है तथा नेपाल जैसे सांस्कृतिक रूप से समृद्ध देश के साहित्यकारों का आगमन इस मिशन को और मजबूती देता है। वहीं, श्री हेमबाबू लेखक सहित सभी नेपाली साहित्यकारों ने ट्रू मीडिया के साहित्यिक प्रयासों की सराहना करते हुए इसे भारत- नेपाल साहित्यिक सेतु बताया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ, जहाँ साहित्यिक संवाद के साथ आपसी सम्मान, मैत्री और सांस्कृतिक निकटता की भावना स्पष्ट रूप से दिखाई दी। यह आयोजन न केवल एक साहित्यिक भेंट रहा, बल्कि भारत- नेपाल के साहित्यिक रिश्तों को नई ऊर्जा देने वाला महत्वपूर्ण अवसर भी सिद्ध हुआ।
