दिल्ली। 9 नवम्बर 2025 को ऑल इंडिया एनपीएस एम्पलाइज फेडरेशन के आह्वान पर दिल्ली के जंतर मंतर पर “पेंशन जयघोष महारैली” का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें देशभर के लगभग 10,000 से अधिक कर्मचारियों ने भाग लिया। रैली का नेतृत्व डॉ. मंजीत सिंह पटेल, राष्ट्रीय अध्यक्ष, ऑल इंडिया एनपीएस एम्पलाइज फेडरेशन द्वारा किया गया। इस महारैली में देश के विभिन्न राज्यों - जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, उड़ीसा, असम, सिक्किम, नागालैंड, मिजोरम और अरुणाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों के कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए। रैली में शिक्षक, नर्स, रेलवे, ऑर्डिनेंस, सिंचाई विभाग, पीडब्ल्यूडी, सफाई कर्मचारी, सिविल कोर्ट, पोस्टल एवं अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभा को संबोधित करते हुए डॉ. मंजीत सिंह पटेल ने कहा “हमारी यह रैली किसी राजनीतिक पार्टी के समर्थन या विरोध में नहीं है। यह कर्मचारियों की आवाज है जो सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग लेकर आई है। यूनिफाइड पेंशन स्कीम कर्मचारियों के हित में नहीं है, इसलिए भारत सरकार से मांग है कि पुरानी पेंशन के सभी प्रावधानों को तत्काल बहाल किया जाए।” इस अवसर पर मध्य प्रदेश आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के अध्यक्ष भारत पटेल ने कहा “हम पुरानी पेंशन बहाली की लड़ाई में ऑल इंडिया एनपीएस एम्पलाइज फेडरेशन और डॉ. मंजीत सिंह पटेल के साथ कंधे से कंधा मिलाकर पुरानी पेंशन को बहाल करवाएंगे। अगर सरकार ने तब तक पुरानी पेंशन बहाल नहीं की, तो आगामी 2 जनवरी को भोपाल में प्रस्तावित सम्मेलन भारत सरकार के विरोध में होगा।” रैली में ऑर्डिनेंस फैक्ट्री मुरादनगर से आशीष कुमार सिंह ने कहा “देश की रक्षा उत्पादन इकाइयों में कार्यरत एनपीएस कर्मी राष्ट्र निर्माण की अग्रिम पंक्ति में हैं, लेकिन उन्हें असुरक्षित सेवानिवृत्ति दी जा रही है। पुरानी पेंशन बहाली ही कर्मचारियों की वास्तविक सुरक्षा कवच है, और यही हमारी एकमात्र मांग है।” वहीं ऑर्डिनेंस फैक्ट्री शाहजहांपुर से आए सैयद शारिक ने कहा “एनपीएस कर्मचारियों ने देश की सेवा समर्पण से की है, अब सरकार को उनके भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। पुरानी पेंशन बहाली कर्मचारियों का अधिकार है, और इस आंदोलन को अब कोई नहीं रोक सकता।” रैली में देशभर के 60 से अधिक कर्मचारी संगठनों ने सक्रिय सहयोग किया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से एसपी सिंह, विनोद गंगावासी, बसंत लाल गौतम, पद्मनाथ त्रिवेदी, जे.पी. पांडे, रामलाल यादव, प्रदीप सरल, क्रांति सिंह, ए.पी. सिंह, नीरज पटेल, तरुण भोला, अंकुर त्रिपाठी, विमुक्त राकेश राय, नीरज त्रिपाठी, रफीक मलिक, रामसेवक मौर्य, विनोद यादव, जुल्फिकार अहमद, शशि रंजन पटेल सहित अनेक नेताओं ने भाग लिया। रैली स्थल पर उपस्थित सभी कर्मचारियों ने एक स्वर में नारा लगाया- “मोदी जी, पुरानी पेंशन बहाल करो!”
