गाजियाबाद। समाज कल्याण फेडरेशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष व वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन ने भगवान चित्रगुप्त और कलम-दवात की पूजा के अवसर पर सुख-समृद्धि और ज्ञान-वृद्धि की कामना की। उन्होंने संसार के समस्त प्राणियों का लेखा-जोखा रखने वाले भगवान चित्रगुप्त से ज्ञान, न्याय और सफलता के लिए प्रार्थना की। साथ ही देश में सुख, शांति एवं समाज कल्याण की कामना की है।
श्री बच्चन ने चित्रगुप्त पूजा के शुभ अवसर पर सभी को अनेक-अनेक शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व सत्य, न्याय और कर्तव्य के प्रति समर्पण का प्रतीक है। भगवान चित्रगुप्त की आराधना हमें यह संदेश देती है कि हम अपने कर्मों में सदैव ईमानदारी, निष्ठा और पारदर्शिता बनाए रखें।
वरिष्ठ पत्रकार जितेन्द्र बच्चन कायस्थ समाज द्वारा गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर में आयोजित कलम-दवात एवं श्री चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर कई समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। संस्था और संगठन के पदाधिकारियों ने उनका फूल-माला से स्वागत सम्मान किया। साथ ही कायस्थ समाज ने अपने आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त की यम द्वितीया (कलम-दवात पूजन) का पर्व धूमधाम से मनाया।
मान्यता हैं कि भगवान राम के अयोध्या वापस आने पर राज तिलक के समारोह में भगवान चित्रगुप्त को निमंत्रण नहीं पहुंचा था, जिससे नाराज होकर उन्होंने अपनी लेखनी कुछ समय के लिए बंद कर दी थी। तभी से यह पर्व मनाया जाता है। कायस्थ अपने घरों में भगवान श्री चित्रगुप्त को साक्षी मानकर कलम दवात की पूजा करते हैं। मिष्ठान, फल आदि का भगवान को भोग लगाते हैं और उनके श्री चरणों में सभी लोग श्रद्धानवत होते हैं।
जितेन्द्र बच्चन के अनुसार, गाजियाबाद में अनेक स्थानों पर कायस्थों ने अपने आराध्य की पूजा-अर्चना की। भगवान चित्रगुप्त के मंदिरों की भव्य सजावट की गई। प्रताप विहार स्थित सेक्टर 11 में भी कायस्थों ने श्री चित्रगुप्त मंदिर में कलम दवात का सामूहिक पूजन का आयोजन किया। जबकि गौतमबुद्ध नगर के छपरौला में ऑल इण्डिया कायस्थ काउंसिल ने यह आयोजन किया। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए और महिलाओं ने मंगलगान गया।
