श्री रामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ की ओर से आयोजित श्री रामलीला महोत्सव 2025 का आज चौथा दिन भक्तिभाव और गरिमा से परिपूर्ण रहा। आज की लीला में राजा जनक द्वारा सीता स्वयंवर का आयोजन, राजाओं का असफल प्रयास, और श्रीराम द्वारा शिवधनुष भंग कर माता सीता संग जयमाला की रस्म का मंचन हुआ।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा, विधायक श्री पवन शर्मा एवं विधायक श्री रवि कान्त जी ने विशेष रूप से लीला का अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त यमुना पार क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के पार्षदगण सामूहिक रूप से लीला दर्शन के लिए पधारे। इनके साथ शाहदरा साउथ ज़ोन के चेयरमैन श्री राम किशोर शर्मा एवं विशिष्ट विधायक श्री ओम प्रकाश शर्मा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का समिति के सदस्यों द्वारा अंगवस्त्र, माल्यार्पण एवं स्मृतिचिन्ह द्वारा भव्य स्वागत किया गया। आज की लीला को प्रख्यात नृत्यांगना पद्मश्री श्रीमती नलिनी - कमलिनी ने भी मंचस्थ होकर देखा और सराहा।
लीला में दर्शाया गया कि रावण, बाणासुर तथा अन्य राजा-महाराजाओं के असफल प्रयासों के पश्चात, गुरु विश्वामित्र के साथ पधारे श्रीराम ने शिव धनुष को सहजता से उठाकर भंग कर दिया और माता सीता का वरण किया। धनुष भंग के पश्चात भगवान परशुराम स्वयंवर स्थल पर क्रोधित होकर उपस्थित हुए और भ्राता लक्ष्मण के साथ उनका तीव्र संवाद हुआ। प्रभु राम ने अपने स्वभाव से उनका क्रोध शान्त किया |
इस नाटकीय दृश्य के पश्चात माता सीता द्वारा श्रीराम को जयमाला पहनाने की रस्म सम्पन्न हुई। अंत में, मिथिला से राजा जनक का दूत अयोध्या को विवाह पत्रिका लेकर रवाना हुआ। पत्रिका में विशेष आग्रह किया गया कि अयोध्या से श्रीराम की बारात का विधिवत आगमन हो।
लीला स्थल पर कल प्रभु राम, भ्राता लक्ष्मण, भ्राता भरत व भ्राता शत्रुघ्न की भव्य बारात का आयोजन किया गया है |
आज के लीला में तरुण गुप्ता, रवि अग्रवाल, चन्द्र बहन बंसल, संजय गुप्ता (टटीरी), सतेन्द्र अग्रवाल, अश्वनी वत्ता, रजत रस्तोगी, एस० जयरमण, सुरेन्द्र त्यागी, संजीव गौतम, मनोज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे |
सुरेश बिंदल
