जयपुर - 13 वर्षीय नवीं कक्षा की विद्यार्थी लेखिका नव्या गनेशिया ने “वीविंग विज़डम” नामक पुस्तक में युवा वर्ग के लिए प्रेरणादायक स्वरचित कहानियां अंग्रेज़ी में लिखी हैं।
इन कहानियों के संग्रह में तेजी से बदलते समाज, देश, दुनिया में युवा वर्ग की समस्याओं एवं समाधानों पर विशेष रूप से फ़ोकस किया गया है।
पुस्तक को अमेज़ॉन ने प्रकाशित किया है। नव्या गनेशिया प्रसिद्ध कानूनविद् एच.सी.गनेशिया की पौत्री हैं। लेखिका की शैक्षणिक यात्रा जयश्री पेरीवाल स्कूल में उत्तम विद्यार्थी के रूप में चल रही है।
पुस्तक का विमोचन राजस्थान के राज्यपाल माननीय हरिभाऊ किशनराव बागडे के कर कमलों द्वारा राज भवन में किया गया। महामहिम ने किशोरी लेखिका नव्या के लेखन कार्य की प्रशंसा की तथा निरंतर ऊंचाइयों तक पहुंचने की शुभकामनाएं दी।
इसी क्रम में बधाई संदेश पूर्व मुख्य न्यायाधीश एवं राज्यपाल जस्टिस एस.एन. भार्गव एवं पूर्व मुख्य न्यायाधीश जस्टिस नरेंद्र कुमार जैन एवं कई माननीय न्यायाधीशों, राजनेताओं , आई.ए.एस एवं आई.पी.एस तथा विभिन्न समाज के अध्यक्षों एवं पत्रकारों द्वारा भेजे गए हैं।
व्यक्तिगत रूप से और टेलीफ़ोन पर लेखिका को आशीर्वाद एवं जीवन में आगे बढ़ाने की प्रेरणा देने वालों की एक लंबी सूची है। लेखिका नव्या गनेशिया की दूसरी पुस्तक भी प्रकाशित होकर शीघ्र आने वाली है।