नई दिल्ली। भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं लोक संस्कृति की समृद्ध परंपरा को समर्पित ‘KALAPRASANG – Dance & Music Festival 2026’ का द्वितीय संस्करण 18 नवंबर 2026 को त्रिवेणी कला संगम, मंडी हाउस, नई दिल्ली में भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस सांस्कृतिक समारोह का आयोजन एवं निर्देशन युवा नृत्य कलाकार, कोरियोग्राफर एवं गुरु श्री वैभव कुमार द्वारा किया गया।
वर्ष 2025 में प्रारंभ हुए इस महोत्सव का उद्देश्य भारतीय शास्त्रीय नृत्य, लोक कलाओं एवं सांस्कृतिक विरासत को मंच प्रदान करना तथा युवा कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। यह महोत्सव स्वर्गीय गुरु श्री राजनिकांत मोहंती (चुन्नू भाई) की पावन स्मृति एवं कला के प्रति उनके योगदान को समर्पित है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में सुश्री श्रुति सिन्हा एवं डॉ. जे. माहेश्वरी की गरिमामयी उपस्थिति रही। समारोह में प्रख्यात ओडिसी गुरु गुरु श्री संतोष कुमार मोहंती जी को गुरु सम्मान प्रदान किया गया। वहीं युवा कलाकार सम्मान से अतिथि कलाकार एवं कथक नर्तक श्री सागर विश्वकर्मा को सम्मानित किया गया।
महोत्सव में विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय एवं लोक नृत्य की विविधता देखने को मिली। कार्यक्रम की प्रमुख प्रस्तुतियों में ओडिसी नृत्य की ‘शिव तांडव मंगलाचरण’, जिसे रीट, अनामित्रा, साक्षी, जग्वी, मेघा, इरीना एवं रश्मि ने प्रस्तुत किया। इसके पश्चात श्री वैभव कुमार द्वारा ‘कलावती पल्लवी’ की मनमोहक एकल प्रस्तुति दी गई।
ओडिसी की पारंपरिक शैली में ‘स्थायी नृत्य’ की प्रस्तुति वानिया भट्ट, समृद्धि, वान्या, विदुषी, प्रांशिका एवं आयरा द्वारा दी गई। कथक नृत्य की एकल प्रस्तुति अतिथि कलाकार श्री सागर विश्वकर्मा ने दी। इसके अतिरिक्त ‘देवी गंगा’ की भक्तिमय प्रस्तुति तथा श्री वैभव कुमार एवं उनके शिष्यों द्वारा ‘गोविंद दामोदराष्टकम’ की भावपूर्ण ओडिसी प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। हरियाणवी लोक नृत्य की प्रस्तुति के माध्यम से क्षेत्रीय लोक संस्कृति और परंपरा की झलक भी देखने को मिली।
इस अवसर पर लेखिका डॉ. ईशा भारद्वाज (स्वयश्री) की पुस्तक ‘Scrolling Zindagi – A Collection of Short Stories’ का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत कलाकारों, विद्यार्थियों, सहयोगियों एवं आयोजन से जुड़े सहयोगी संस्थानों का सम्मान भी किया गया। समारोह ने गुरु-शिष्य परंपरा, भारतीय सांस्कृतिक विरासत और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य को सार्थक रूप प्रदान किया।

