ओमप्रकाश प्रजापति को ‘भाषा सारथी सम्मान 2026’ से किया सम्मानित
November 19, 2026
0
नई दिल्ली। मातृभाषा उन्नयन संस्थान, दिल्ली इकाई द्वारा मातृभाषा ऑनलाइन संस्थान की हिंदी भाषा को समर्पित समेकित स्वर के दस वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 18 नवंबर 2026 को दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रतिष्ठित ट्रू मीडिया पत्रिका के मुख्य संपादक श्री ओमप्रकाश प्रजापति को हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार एवं साहित्यिक पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘भाषा सारथी सम्मान 2026’ से सम्मानित किया गया। श्री ओमप्रकाश प्रजापति लंबे समय से पत्रकारिता, साहित्य, कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में सक्रिय रहकर हिंदी भाषा के संवर्धन और साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का कार्य कर रहे हैं। ट्रू मीडिया चैनल एवं पत्रिका के माध्यम से वे साहित्यकारों, रचनाकारों और हिंदी प्रेमियों को एक सशक्त मंच प्रदान कर रहे हैं। उनके इस निरंतर प्रयास और हिंदी के प्रति समर्पण को रेखांकित करते हुए संस्थान ने उन्हें इस सम्मान से अलंकृत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता हंसराज कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रमा ने की। समारोह में सारस्वत अतिथि के रूप में भारतीय अनुवाद परिषद, दिल्ली के निदेशक एवं महासचिव प्रो. डॉ. पुरानचंद टंडन तथा मुख्य अतिथि के रूप में इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक प्रो. डॉ. के.जी. सुरेश उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन डॉ. कामना मिश्रा ने किया तथा आयोजन की जिम्मेदारी भावना शर्मा ने निभाई। समारोह में हिंदी भाषा की समृद्धि, मातृभाषा के महत्व, अनुवाद की उपयोगिता और वर्तमान समय में हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार व्यक्त किए गए। ‘भाषा सारथी सम्मान 2026’ प्राप्त होने पर श्री ओमप्रकाश प्रजापति ने संस्थान के पदाधिकारियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, संवेदना और राष्ट्रीय अस्मिता की पहचान है। हिंदी के प्रचार-प्रसार और साहित्यिक पत्रकारिता के माध्यम से रचनाकारों को सम्मानजनक मंच उपलब्ध कराने का उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। यह सम्मान न केवल श्री ओमप्रकाश प्रजापति की साहित्यिक एवं पत्रकारिता संबंधी सेवाओं का अभिनंदन है, बल्कि हिंदी भाषा के प्रति समर्पित प्रत्येक व्यक्ति के लिए प्रेरणा और प्रोत्साहन का प्रतीक भी है।

