साहिबाबाद, मानवतावादी परिषद एवं ट्रू मीडिया पत्रिका के संयुक्त तत्वावधान में एल.आर. कॉलेज, श्याम पार्क एक्सटेंशन, साहिबाबाद में प्रख्यात साहित्यकार डॉ. अमरजीत सिंह कलिंगा के साहित्यिक जीवन पर परिचर्चा एवं उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर केंद्रित ट्रू मीडिया पत्रिका के विशेषांक का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, समाज और मानवीय मूल्यों के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित साहित्यप्रेमियों एवं अतिथियों ने डॉ. कलिंगा के साहित्यिक अवदान की सराहना करते हुए ट्रू मीडिया की इस पहल को महत्वपूर्ण बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्नल जगदीश्वर लाल तुली ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में श्री रामदुलार यादव उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में सरदार मंजीत सिंह, श्री सरदारी लाल ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर ट्रू मीडिया पत्रिका के संपादक श्री ओमप्रकाश प्रजापति ने डॉ. अमरजीत सिंह कलिंगा के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाशित विशेषांक के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि साहित्यकारों के जीवन, विचारों और रचनात्मक योगदान को समाज के सामने लाना साहित्यिक विरासत को सहेजने तथा नई पीढ़ी को प्रेरित करने का सार्थक प्रयास है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए आयोजन की सफलता में उनके सहयोग की सराहना की। समारोह के दौरान डॉ. अमरजीत सिंह कलिंगा ने सभी अतिथियों को शॉल एवं मग भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर ट्रू मीडिया के संपादक श्री ओमप्रकाश प्रजापति ने डॉ. अमरजीत सिंह कलिंगा को शौल, स्मृति चिन्ह, बेज, पुष्पगुच्छ और पौधा भेट कर सम्मानित किया, अतिथियों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए डॉ. कलिंगा के जीवन, साहित्यिक यात्रा और सामाजिक योगदान पर प्रकाश डाला। साथ ही, ट्रू मीडिया पत्रिका द्वारा साहित्यकारों के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को प्रमुखता से प्रकाशित करने की परंपरा की भूरि-भूरि प्रशंसा की। डॉ. सूक्ष्म लता महाजन, सुश्री लक्ष्मी अग्रवाल, श्री पंकज सक्सेना, सुश्री ऋचागॉड, श्री देवेंद्र प्रकाश शर्मा, सुश्री दीपिका बल्दिया, श्री सुभाष नागी, श्री सरदारी लाल समेत दो दर्जन लोगों ने कलिंगा जी के व्यक्तित्व- कृतित्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में साहित्यिक परिचर्चा के माध्यम से डॉ. कलिंगा के रचनात्मक जीवन और उनके विचारों को समझने का अवसर मिला। विशेषांक का लोकार्पण समारोह साहित्यकारों के सम्मान, साहित्यिक संवाद और सकारात्मक सामाजिक चेतना को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक सार्थक पहल के रूप में सामने आया। समारोह के अंत में डॉ. अमरजीत सिंह कलिंगा ने सभी अतिथियों, आयोजकों एवं उपस्थित साहित्यप्रेमियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और साहित्यिक उपलब्धियों को सम्मान देने के संकल्प के साथ सभी ने इस आयोजन की सराहना की।

