गाजियाबाद। इस बार भी मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस ऑडिटोरियम में दीवाली मिलन समारोह धूमधाम से मनाया गया। समारोह में मेवाड़ परिवार के सदस्यों ने कविताओं, एकल व समूह नृत्य आदि कार्यक्रमों से चार चांद लगा दिए। अपने सम्बोधन में मेवाड़ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने दीवाली की सबको बधाई दी और कहा कि हम शिक्षक हैं, समाज के अंतिम छोर तक खुशियां पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। हम सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। विद्यार्थियों में व्यक्तित्व विकास कर उन्हें देश और समाज के लिए तैयार करें। हम इस दीवाली संकल्प लें कि हम हर साल 10 बच्चों को समाज योग्य बनाएंगे। अपने संस्थान को एक जीवंत संस्थान बनाएंगे।
मेवाड़ इंस्टीट्यूशंस के महासचिव अशोक कुमार सिंघल ने कहा कि दीवाली हमारा अपना पर्व है। यह हमें भाईचारा, प्रेम व अंधेरे को रोशनी से भरने की प्रेरणा देता है। हम हर रिश्ते को पूर्णता के साथ निभाएं। शांत और खुशहाल जीवन जीना आज तकनीकी युग में मुश्किल है लेकिन हर परिस्थिति में जीने की कला श्रीराम कथा में है। हम भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर अपने जीवन को खुशहाल और शांत बना सकते हैं। हम वंचित समाज को खुशियां बांटें। हमें इन सभी बातों को संकल्प के रूप में अपनाना होगा। मेवाड़ की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने सभी को दीवाली की शुभकामनाएं दीं और दीवाली को आनंद प्रदाता पर्व बताया। समारोह का सफल संचालन अमित पाराशर ने किया। मेवाड़ परिवार के सभी सदस्य लक्ष्मी पूजन पर भी मौजूद रहे।
