अपने जीवनकाल में लगभग 20 से 40 वर्ष की संतोषजनक सेवा देने के बाद ही,कोई सरकारी कर्मचारी पेंशन का हकदार बन पाता हैIपेंशन सरकार की दया नहीं,यह सेवानिवृत कर्मचारी का संवैधानिक हक है, लेकिन कभी कभी सत्ता के मद में चूर, कुछ लोग उसके इस हक पर कुंडली मारकर बैठ जाते हैं।ऐसे लोगों से अपना जायज हक लेने के लिए,पेंशनभोगियों को सामूहिक रूप से संघर्ष करना पड़ता हैI संघर्ष करने के लिए,एक ऐसे संगठन की आवश्यकता पडती है,जो पूरी ईमानदारी व कर्मठता के साथ, अपने सदस्यों की समस्याओं के समाधान हेतु संघर्ष करेI 'भारतीय पेंशनर्स मंच' एक ऐसा राष्ट्रवादी संगठन है,जो किसी भी राजनीतिक दल का पिछलग्गू नहीं हैIयह संगठन पिछले लगभग 9 वर्ष से अपने सदस्यों के पेंशन व स्वास्थ्य संबंधी मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहा है।
इस बार 'भारतीय पेंशनर्स मंच' की राष्ट्रीय स्तर की बैठकें 25- 26 सितंबर, 2026 को होटल तीज,जयपुर (राजस्थान) में हुईंIमंच के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री वी.एस. यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुए,दो दिवसीय कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य, देश भर के पेंशनधारियों की समस्याओं और उनकी न्यायसंगत मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाना रहाI
25 सितंबर 2026 को सुबह 11:30 बजे जयपुर के 'पिंक सिटी प्रेस क्लब में' एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई,जिसे मंच के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री वी.एस. यादव ने सम्बोधित कियाI श्री यादव ने कहा कि पेंशनधारियों के अधिकारों की रक्षा और उनके सम्मानजनक जीवन के लिए, मंच की तरफ़ से 12 सूत्री मांगों को लेकर एक प्रस्ताव, केंद्र सरकार को दिया जाएगाIइस अवसर पर मंच के उपाध्यक्ष- श्री राम वीर सिंह, श्री अपूर्वा भवानी, श्री भास्कर दाँते, राष्ट्रीय प्रवक्ता श्री विनोद पाराशर एवं मंत्री श्री सतीश चंद राय की उपस्थिति भी रही।
प्रेस कांफ्रेंस के बाद,बोर्ड आफ ट्रस्टीज की पहली बैठक हुई.जिसमें संगठन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर निर्णय लिए गए। चेयरमैन को हर तरह के निर्णय लेने के लिए,अधिकृत किया गया। मंच के संस्थापक व अध्यक्ष श्री यादव की अध्यक्षा में हुई बैठक में समिति के अन्य ट्रस्टी श्री सतीश चंद राय और श्री नारायण सिंह उपस्थित रहे।
अपराह्न तीन बजे 'आठवीं राष्ट्रीय कार्यकारिणी' की बैठक मीटिंग हाल में शुरू हुई, जिसमें सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में कार्यसूची के अनुसार एक एक बिंदु पर चर्चा करते हुए निर्णय लिए गए।
अगले दिन, सुबह 09:00 बजे होटल तीज के पार्क में मंच के चेयरमैन ने ध्वजारोहण किया, सारा वातावरण भारतीय पेंशनर्स मंच ज़िंदाबाद ज़िंदाबाद, भारत माता की जय, हिंदुस्तान जिंदाबाद ज़िंदाबाद के जयघोष से गुंजायमान हो गया। तत्पश्चात् प्रतिनिधियों ने पंक्तिबद्ध होकर अपनी मांगों के समर्थन में, आस पास की गलियों में एक जुलूस भी निकाला।
मीटिंग हॉल में मंच की विधिवत बैठक का उद्घाटन महिला प्रकोष्ठ समन्वयक श्रीमती शशि चलुकिया, सदस्य-श्रीमती सुनीता सिंह, श्रीमती राज बाला एवं श्रीमती मंजू शर्मा ने भारत माता को माल्यार्पण कर किया। श्री प्रहलाद सिंह, श्री माँगी दास वैरागी, श्री राम नारायण शुक्ला, श्री संजय कुमार दुबे एवं श्री अहमद दस्तागीर शेख ने दीप प्रज्वलित किया। मंच संचालन राष्ट्रीय मंत्री श्री सतीश चंद राय ने किया।
मंच के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री वी. एस. यादव ने इस सत्र के अपने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि देश में अनेक पेंशन योजनाएं चल रही हैं, जो कि एक चुनौतीपूर्ण स्थिति है.भारत सरकार को पेंशनधारियों को 'पुरानी पेंशन योजना के अनुसार ही पेंशन देनी चाहिए।
प्रतिनिधि सत्र के शुरू में मंच की दिवंगत आत्माओं के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए शोक प्रस्ताव पारित कर दो मिनट का मौन रखा गया। शोक प्रस्ताव राष्ट्रीय संचालन समिति के सदस्य श्री वीर सिंह ने रखा।
'पेंशन रत्न सम्मान समारोह' के तहत मंच के समर्पित कार्यकर्ताओं को मंच का सर्वोच्च सम्मान 'पेंशन रत्न सम्मान' प्रदान किया गया। सम्मानित होने वाले सदस्यों में श्री जय सिंह, श्री मोहम्मद युसुफ प्यारे, श्री ओम प्रकाश शर्मा, श्रीमती सुनीता सिंह, श्री वीर सिंह, श्री प्यारे लाल पटेल, श्री अशोक यादव, श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव, श्री मोती लाल ठाकुर एवं श्री इन्द्र करण लाल श्रीवास्तव शामिल हैं।
तृतीय सत्र 'पायलट प्रोजेक्ट अभ्यास वर्ग' रहा, जिसमें मंच के संस्थापक ने 'संगठन सदस्यता, समस्या, समाधान एवं वित्तीय व्यवस्था' विषय को लेकर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया.उन्होंने संगठन कार्यों को विधिवत तरीक़े से करने की जानकारी को सभी से साझा किया।
चतुर्थ सत्र में,12 सूत्री मांगों के समर्थन में एक प्रस्ताव दिल्ली एनसीआर अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र कुमार रोहिला ने रखा। राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य श्री महावीर सिंह कौशिक ने प्रस्ताव का समर्थन किया, जिसे सभी सदस्यों ने ध्वनि मत से पारित किया। स्वास्थ्य विभाग से संबंधित दूसरे प्रस्ताव को गोरखपुर इकाई के समन्वयक श्री लालजी प्रसाद ने रखा यह प्रस्ताव भी ध्वनि मत से पारित हो गया।
नये सदस्यों को संगठन की ज़िम्मेदारी सौंपी गई जिसमें श्री टेक चंद तवर, वाइस चेयरमैन, श्री ओम प्रकाश शर्मा, राष्ट्रीय प्रवक्ता, श्री सुरेश चंद्र मोर्या, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष, श्री अशोक यादव, उत्तर प्रदेश समन्वयक, श्री वीर सिंह, राष्ट्रीय संचालन समिति सदस्य बनाए गए।
मंच के सभी सदस्यों ने मिलकर राष्ट्रीय स्वाभिमान पर और अपनी मांग को लेकर नारे लगाए और माहौल में जोश भर दियाI मंच के इस दो दिवसीय आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से 66 से अधिक प्रतिनिधियों ने भाग लियाI राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
*विनोद पाराशर
राष्ट्रीय प्रवक्ता (दिल्ली) भारतीय पेंशनर्स मंच*

