इन्द्रप्रस्थ विस्तार सोसाइटीज महासंघ द्वारा आज IPEX भवन में "शून्य अपशिष्ट (Zero Waste)" विषय पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें I.P. Extension की विभिन्न ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों के अध्यक्ष, सचिव एवं प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के दिल्ली प्रान्त कार्यवाह श्रीमान अनिल गुप्ता जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। महासंघ के अध्यक्ष श्री तरुण गुप्ता जी ने पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर महाराजा अग्रसेन कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रिंसिपल श्री संजीव तिवारी जी तथा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पर्यावरण गतिविधि के संयोजक श्री जय कुमार जी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
संगोष्ठी में मिलन विहार सोसाइटी के अध्यक्ष श्री मितिन गर्ग जी, दिल्ली राजधानी सोसाइटी के अध्यक्ष श्री राजीव मोहता जी तथा मयूर ध्वज सोसाइटी के अध्यक्ष श्री गोपाल खन्ना जी द्वारा साझा किए गए अनुभव विशेष रूप से सराहे गए। उन्होंने बताया कि उनकी तीनों सोसायटियाँ पूरी तरह "जीरो वेस्ट" की दिशा में कार्य कर रही हैं। सोसायटियों में अलग-अलग बिन लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से गीले और सूखे कूड़े का पृथक्करण किया जाता है तथा गीले कूड़े से खाद तैयार कर सोसाइटी के पौधों में ही उसका उपयोग किया जा रहा है। उपस्थित प्रतिनिधियों ने इसे अन्य सोसायटियों के लिए अनुकरणीय मॉडल बताया।
मैत्री अपार्टमेंट के अध्यक्ष श्री एल.के. गिरी जी ने I.P. Extension क्षेत्र में जगह-जगह "मलबा माफिया" द्वारा भवन निर्माण का मलबा डाले जाने का गंभीर मुद्दा उठाया। तय हुआ कि इस विषय पर महासंघ द्वारा माननीय न्यायालय में याचिका दायर की जाएगी।
अनामिका अपार्टमेंट की एक महिला प्रतिनिधि ने भंडारे एवं सामूहिक आयोजनों के बाद निकलने वाले खाद्य अपशिष्ट का प्रश्न उठाया, जिस पर व्यावहारिक समाधान एवं उचित निस्तारण की व्यवस्था पर विचार-विमर्श हुआ। क्षेत्र के मंदिरों में पेड़ों के बड़े हो जाने से मंदिरों की दीवारों को उत्पन्न हो रहे खतरे पर भी चर्चा की गई।
संगोष्ठी में यह बात प्रमुखता से उभरी कि केवल नगर निगम या सफाई कर्मचारियों के भरोसे यह समस्या हल नहीं होगी — निवासियों, आरडब्ल्यूए/सोसायटी प्रबंधन एवं आयोजन समितियों को स्वयं जिम्मेदारी उठानी होगी तथा Reduce, Reuse व Recycle को व्यवहार में लाना होगा।
अंत में महासंघ ने सभी सोसायटियों से मिलन विहार, दिल्ली राजधानी एवं मयूर ध्वज जैसे सफल प्रयोगों से सीख लेकर अपने-अपने स्तर पर ठोस कदम उठाने की अपील की तथा सभी उपस्थित प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
प्रेषक - मितिन गर्ग (9810810750)
