दिल्ली, भजनपुरा। भारतीय जनता पार्टी ने अपने संगठनात्मक विस्तार के तहत उत्तर-पूर्वी जिला कार्यकारिणी की घोषणा करते हुए भजनपुरा निवासी वरिष्ठ कार्यकर्ता भुवनेश सिंघल 'भुवन' को जिला कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा द्वारा की गई इस नियुक्ति का क्षेत्रीय कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार जिला कार्यकारिणी के गठन के दौरान भुवनेश सिंघल के नाम पर क्षेत्रीय सांसद मनोज तिवारी, विधायक अजय महावर, जिला प्रभारी दिनेश प्रताप, सह प्रभारी सारिका जैन, सुनील यादव तथा जिलाध्यक्ष यू.के. चौधरी सहित संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों की सहमति रही।
भुवनेश सिंघल इससे पूर्व भजनपुरा मंडल (वार्ड-230) के मंडल अध्यक्ष, जिला मंत्री एवं जिला प्रवक्ता के दायित्व निभा चुके हैं। उनके मंडल अध्यक्ष कार्यकाल में हुए लोकसभा एवं विधानसभा चुनावों में भाजपा को उल्लेखनीय सफलता मिली। पार्टी कार्यकर्ताओं का कहना है कि मंडल के सभी 42 बूथों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिससे मंडल में शत-प्रतिशत जीत का रिकॉर्ड भी बना।
पिछले छह वर्षों से सिंघल द्वारा संचालित "मंत्र सुनाओ, उपहार पाओ" अभियान भी क्षेत्र में चर्चा का विषय रहा है। उनके अनुसार इस अभियान के माध्यम से अब तक ढाई लाख से अधिक लोगों को भाजपा का मंत्र सिखाकर सम्मानित किया जा चुका है। इसके अलावा छठ महापर्व, कांवड़ सेवा शिविर, साप्ताहिक हनुमान चालीसा पाठ तथा अटल सम्मान समारोह जैसे सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से भी उन्होंने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाई है। वे एक प्रभावशाली वक्ता एवं टीवी डिबेटर के रूप में भी पहचान रखते हैं।
नियुक्ति की घोषणा के बाद भजनपुरा स्थित उनके आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों ने पहुंचकर ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया तथा पुष्पवर्षा कर बधाई दी। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल, सांसद मनोज तिवारी, विधायक अजय महावर, प्रमोद गुप्ता, रेखा रानी, राजकुमार बल्लन, महक सिंह, पूनम चौहान सहित अनेक नेताओं ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
भुवनेश सिंघल ने अपनी नियुक्ति पर भाजपा के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा व्यक्त विश्वास पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प और "सबका साथ, सबका विकास" के मूल मंत्र को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
