ट्रू मीडिया विशेषांक और ‘ताश का घर’ के अंग्रेजी अनुवाद ‘House of Cards’ का लोकार्पण
April 27, 2026
0
गुरुग्राम के होटल मोनार में 26 अप्रैल को एक भव्य साहित्यिक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सुश्री सविता स्याल के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर आधारित 'ट्रू मीडिया पत्रिका' के विशेषांक तथा उनके लघुकथा संग्रह ‘ताश का घर’ के अंग्रेजी अनुवाद ‘House of Cards’ का विधिवत लोकार्पण किया गया। यह आयोजन साहित्यिक गरिमा, बौद्धिक संवाद और सांस्कृतिक उत्सव का अद्भुत संगम साबित हुआ। कार्यक्रम में अनेक प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, साहित्यकारों और सामाजिक हस्तियों की उपस्थिति ने इसे विशेष बना दिया। मंचासीन गणमान्य अतिथियों में पूर्व उपकुलपति डॉ. अशोक दिवाकर, आकाशवाणी दिल्ली के पूर्व उपनिदेशक श्री लक्ष्मीशंकर वाजपेयी, द्रोणाचार्य कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. पुष्पा अंतिल, सुरूचि परिवार के महासचिव श्री मदन साहनी, हरियाणा साहित्य अकादमी की पूर्व महानिदेशक डॉ. मुक्ता, वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. शील कौशिक, हरियाणा गौरव साहित्यकार डॉ. सविता चड्डा, गजलकार ममता किरण तथा ट्रू मीडिया के संपादक श्री ओमप्रकाश प्रजापति प्रमुख रूप से शामिल रहे। इसके अतिरिक्त ए.पी.जे. ग्रुप ऑफ स्कूल्स के निदेशक श्री दिलीप बेदी, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री मानस चौधरी, सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सुश्री बबीता झा, ‘अहं ब्रह्मास्मि’ की संस्थापक अध्यक्ष दीपशिखा श्रीवास्तव, ‘शब्द यात्रा’ संस्था की संस्थापक अध्यक्ष शारदा मित्तल, ‘क्रांति फाउंडेशन’ की संस्थापिका सुश्री लोकेश चौधरी सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम का संचालन मोनिका शर्मा ने अत्यंत प्रभावशाली ढंग से किया। समारोह के दौरान सभी मंचासीन अतिथियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह एवं पत्रिका का विशेषांक भेंट कर सम्मानित किया गया, वहीं अन्य अतिथियों को भी अंगवस्त्र, पेन एवं पत्रिका प्रदान कर आदर व्यक्त किया गया। अपने संबोधन में सभी वक्ताओं ने सुश्री सविता स्याल के साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए उनके लेखन को संवेदनशील, सामाजिक सरोकारों से जुड़ा और विचारोत्तेजक बताया। ‘ताश का घर’ के अंग्रेजी अनुवाद *‘House of Cards’* को वैश्विक पाठक वर्ग तक भारतीय संवेदनाओं को पहुँचाने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया गया। साथ ही 'ट्रू मीडिया' द्वारा प्रकाशित विशेषांक को उनके बहुआयामी व्यक्तित्व का सशक्त दस्तावेज़ कहा गया। इस अवसर पर सुश्री सविता स्याल ने ट्रू मीडिया के संपादक श्री ओमप्रकाश प्रजापति के प्रति विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और समर्पण के बिना यह विशेषांक संभव नहीं था। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों और सहभागियों का भी धन्यवाद ज्ञापित किया। वरिष्ठ साहित्यकारों और बुद्धिजीवियों की गरिमामयी उपस्थिति ने पूरे आयोजन को एक साहित्यिक उत्सव का रूप दे दिया, जो न केवल सृजनात्मकता का उत्सव था, बल्कि साहित्य के प्रति समर्पण और सम्मान का भी प्रतीक बना।
