गाजियाबाद, दिनांक: 22.02.2026
दिनांक 22.02.2026 को डॉ. बी.आर. अंबेडकर, जूनियर हाई स्कूल, वजीराबाद रोड, साहिबाबाद, गाजियाबाद में आयोजित एक गरिमामय समारोह में श्री ओ. पी. सैन द्वारा दिल्ली के इतिहास पर लिखित पुस्तक “दिल्ली अतीत से वर्तमान ... ” का विधिवत विमोचन किया गया। श्री बी. एम. सिंह, प्रबंधक, डॉ. बी.आर. अंबेडकर, जूनियर हाई स्कूल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रोफेसर श्री एस. डी. शर्मा, पूर्व कुलपति ने पुस्तक का अनावरण करते हुए लेखक को बधाई दी और कहा कि यह पुस्तक दिल्ली के इतिहास पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करती है । यह पुस्तक पाठकों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी। श्री बी. एम. सिंह जी ने भी इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त किए ।
इस अवसर पर श्री मोती राम सैन, पूर्व कोषाध्यक्ष, बसपा दिल्ली प्रदेश, लेखक एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. अमरजीत सिंह कलिंगा, डॉ. शमशेर जमदग्नि, अपर आयुक्त, प्रयागराज विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे । सभी ने कहा कि पुस्तक में दिल्ली के इतिहास के बारे में जो जानकारी दी गई है वह दिल्ली को जानने के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज है । उन्होंने लेखक के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक प्रेरणादायक कृति बताया।
पुस्तक के प्रूफ रीडर और इसे इस रूप में आकार देने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले श्री के. पी. सिंह (सेवानिवृत्त निदेशक, भारत सरकार) ने अपने वक्तव्य में पुस्तक की रचना-प्रक्रिया, उद्देश्य एवं मुख्य विषय-वस्तु पर प्रकाश डाला तथा कहा कि लेखक ने गागर में सागर भरने का काम किया है । श्री सिंह ने बताया कि जिन बातों की जानकारी काफी लंबे समय से दिल्ली में रहने वाले लोगों को भी नहीं है, वो जानकारी इस पुस्तक में दी गई है। इसलिए जो पाठक दिल्ली के इतिहास को विस्तृत रूप से जानना चाहते हैं, उन्हें यह पुस्तक अवश्य पढ़नी चाहिए ।
कार्यक्रम में विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों, साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों एवं बड़ी संख्या में पाठकों की उपस्थिति रही। समारोह का सफल संचालन श्री राजेंद्र राजन, वरिष्ठ कवि ने किया ।
अंत में पुस्तक के लेखक श्री ओ. पी. सैन ने सैन प्रकाशन परिवार, दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं पाठकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी को धन्यवाद दिया और उन्होंने कहा कि सैन प्रकाशन परिवार हमेशा की तरह भविष्य में भी समाज के हित की जानकारी पाठकों के समक्ष प्रस्तुत करने का प्रयास करता रहेगा ।
