गाजियाबाद। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में तीज समारोह धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न रंगारंग कार्यक्रम व अनोखी मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। ऑडिटोरियम में आयोजित तीज समारोह में बीएड की शिक्षिका कंचन ने अपनी आकर्षक वेशभूषा और फैशन शो में उम्दा रैम्प वॉक के बूते मिस तीज का खिताब जीता। जबकि शिक्षक विनय को मिस्टर तीज चुना गया। स्टिक से सिक्का कप में डालने की प्रतियोगिता में इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया को परास्त कर विजेता बनीं। चूड़ियों का क्रम बनाने की स्पर्धा में बीकॉम के शिक्षक गिरीश ने बाजी मारी। आड़ी-तिरछी रेखाओं में से फल एवं सब्जी तलाशने में श्रेया अग्रवाल और वीनस आगे रहीं। सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया व निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने विजेताओं को पुरस्कार दिये। मेवाड़ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने कंचन को मिस तीज का ताज पहनाया। तीज समारोह में एकल व सामूहिक नृत्यों ने खूब समां बांधा। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने सभी को तीज पर्व की शुभकामनाएं दीं और कहा कि सभी आनंदपूर्वक पूर्णता से जिएं। हर परिस्थिति में खुश रहना सीखें। खुश रहना कई बीमारियों का इलाज है। हमारे पर्व भारतीय संस्कारों के पोषक हैं। कुशल संचालन विनय सक्सेना ने किया।