15 दिसंबर 2024, केशव पुरम दिल्ली। वरिष्ठ जनों की सामाजिक संस्था 'वरिष्ठ नागरिक फोरम' (एल्डरली पीपल्स फोरम) की ओर से, यहां के सनातन धर्म मंदिर सभागार में एक 'सरस कवि सम्मेलन' का आयोजन किया गया। यह संस्था वरिष्ठ जनों के कल्याण के लिए समर्पित है। इस समय संस्था के लगभग 800 से अधिक सदस्य हैं।
संस्था हर महीने अपने सदस्यों का सामूहिक रूप से जन्मदिन मनाने के साथ-साथ, उनके स्वास्थ्य जांच के लिए मेडिकल कैंप लगवाती है,उन्हें कानूनी सहायता प्रदान करती है,देश विदेश में पर्यटन के लिए ले जाती है तथा उनके मनोरंजन से संबंधित कार्यक्रमों का भी आयोजन करती है।
अपने आयोजनों के क्रम में इस बार संस्था के अधिकारियों ने एक 'सरस कवि सम्मेलन' करवाने का निर्णय लिया।
कवि सम्मेलन की अध्यक्षता राष्ट्रीय गीतकार डा.जय सिंह आर्य ने की और उसका संयोजन व संचालन संस्था के सदस्य व वरिष्ठ कवि श्री विनोद पाराशर ने किया! काव्य पाठ करने वाले अन्य कवियों में शामिल थे वरिष्ठ बहुभाषी कवि श्री सुभाष चंदर उर्फ भाषी मुल्तानी, हास्य व्यंग्य के कवि श्री ओमप्रकाश कल्याणे, श्री अनिल बामनिया और सायरा सुश्री पूजा श्रीवास्तव।
बहुभाषी कवि भाषी मुल्तानी,श्री ओमप्रकाश कल्याणे और श्री विनोद पाराशर ने अपनी हास्य व्यंग्य रचनाओं से वरिष्ठ जनों को ठहाके लगाने पर मज़बूर कर दिया। ओज और राष्ट्रीय चेतना के प्रखर गीतकार डा.जय सिंह आर्य ने पिताजी व बेटियों पर अपना गीत पढ़कर, श्रोताओं को भाव विभोर कर दिया।गाज़ियाबाद से पधारी शायरा सुश्री पूजा श्रीवास्तव ने भी अपनी ग़ज़लों से अच्छा शमा बांधा।
श्री अनील बामनिया की कविताओं का विषय अध्यात्म व मानवीय सबंध रहे।
संस्था के पदाधिकारियों ने आमंत्रित कवियों का शाल ओढाकर और उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया। उपस्थित सदस्यों ने तालियों की गड़गड़ाहट से कवियों की हौसला अफजाई की।
संस्था के अध्यक्ष श्री रमन लाल गोयल ने कहा कि यह कवि सम्मेलन उनके सदस्यों के लिए एक अनूठा ही अनुभव था। वह अपने सदस्यों के लिए इस तरह के आयोजन भविष्य में भी करवाते रहेंगे।