(रिपोर्ट-विनोद पाराशर)
दिल्ली, वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के क्ले वन ग्रैंड बैंक्विट हॉल में आज (22 दिसंबर 2024) डाक विभाग से सेवानिवृत डाक कर्मियों ने नववर्ष के स्वागत में एक मिलन समारोह आयोजित किया। इस मिलन समारोह में डाक विभाग से सेवानिवृत हुए 100 से अधिक डाक कर्मियों तथा उनके परिवार के सदस्यों ने अपनी भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर ऐसे सेवानिवृत डाक कर्मियों को सम्मानित किया गया जो 80 वर्ष से भी अधिक आयु पूरी कर चुके (सुपर सीनियर सिटीजन) हैं। इनमें शामिल थे- श्री के.के. शर्मा,
लख्मी चंद शर्मा, जयराम शर्मा, सत्यपाल शर्मा, एन.एल.शर्मा, जी.डी.गुप्ता और बी.डी.एल.
श्रीवास्तव।इस समारोह में, जो सेवानिवृत डाककर्मी अपनी पत्नी के साथ, उपस्थित हुए,उनसे आपस में जयमाला डलवाकर स्वागत करवाया गया।
इस मंगल मिलन समारोह की मंडली के सूत्रधार थे - श्री दमनेश कुमार और श्री रूपचंद।कार्यक्रम का संचालन,तीन वर्ष पूर्व पोस्टमास्टर के पद से रिटायर हुए, वरिष्ठ कवि विनोद पाराशर व चीफ पोस्टमास्टर के पद से 16 वर्ष पूर्व रिटायर हुए,लेखक व समाजसेवी श्री दमनेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया।गायत्री मंत्र के उच्चारण से कार्यक्रम का शुभारम्भ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक श्री रूपचंद ने अपने स्वागत वक्तव्य में कहा कि रिटायर होने के बाद, हमारे बहुत से साथी, यह समझ लेते हैं कि वह अब बूढ़े हो गए हैं और किसी काम के नहीं रहे। उनकी यह सोच गलत है। रिटायर होने के बाद, हमें केवल अपने घर तक ही सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि सामाजिक संगठनों से जुड़ना चाहिए और समाज के लिए कुछ अच्छा काम करना चाहिए। दरअसल यह उनके जीवन का स्वर्ण काल है।उन्हें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए एक सक्रिय जीवन जीना चाहिए।
इस अवसर पर दिल्ली ही नहीं,गाज़ियाबाद,मेरठ व देश के अन्य राज्यों से भी सेवानिवृत डाक कर्मी शामिल हुए।
डाक प्रशिक्षण केंद्र,सहारनपुर से, निदेशक डाक सेवा के पद से रिटायर हुए श्री वी.के.सिंह ने अपने विचारों से सभी को सक्रिय जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। वरिष्ठ कवि श्री विनोद पाराशर व बहुभाषी कवि श्री सुभाष चन्दर उर्फ़ भाषी मुल्तानी ने अपनी हास्य व्यंग्य रचनाओं से लोगों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया।श्री ए.के.चावला ने भी महाभारत के संदर्भ में कविता पढ़कर, सभी को भाव विभोर कर दिया। कई अन्य रिटायर्ड अधिकारियों ने विभाग से जुड़े अपने रोचक संस्मरण सभी से साझा किये। कुछ लोगों ने उम्र के इस दौर में भी नृत्य व गायन का भरपूर आनंद उठाया।
कार्यक्रम के अंत में, श्री के.सी. भारद्वाज ने शामिल हुए सभी अपने साथियों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस तरह के आयोजन सभी के सहयोग से करने का आश्वासन दिया।