नई दिल्ली : “श्री राम कॉलेज ऑफ़ कॉमर्स की यात्रा के सौ वर्ष पूरे होने पर कॉलेज से जुड़े सभी लोगों को हार्दिक बधाई। भारत के पास विश्व की युवा प्रतिभाओं का सर्वश्रेष्ठ समूह है, जिसका प्रमाण SRCC जैसे संस्थान हैं।” ये शब्द दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोहों (1926–2026) के समापन समारोह की मुख्य अतिथि भारत की माननीय राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी ने कहे। इस अवसर पर भारत के शिक्षा राज्य मंत्री, श्री सुकांत मजूमदार; दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रोफेसर योगेश सिंह; SRCC की शासी निकाय के अध्यक्ष, श्री अजय एस. श्रीराम; और SRCC की प्राचार्य, प्रोफेसर सिमरत कौर सहित शासी निकाय के सदस्य, विशिष्ट अतिथि, संकाय सदस्य, कर्मचारी, वर्तमान और पूर्व विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में माननीय राष्ट्रपति ने SRCC को सौ वर्ष पूरे करने पर बधाई दी और भारतीय उच्च शिक्षा में
इसके योगदान की सराहना की। उन्होंने कॉलेज के दृष्टिकोण, ‘SRCC – वैश्विक पसंद का एक कॉलेज’, को प्रासंगिक और
सार्थक बताते हुए कहा कि ‘वैश्विक ज्ञान महाशक्ति’ बनने की भारत की आकांक्षा के
लिए आवश्यक है कि उसके अग्रणी शैक्षिक संस्थान विश्वस्तरीय शिक्षण केंद्रों के रूप
में विकसित हों। उन्होंने SRCC
के वर्तमान और पूर्व विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना
करते हुए कहा कि भारत के पास विश्व की युवा प्रतिभाओं का सर्वश्रेष्ठ समूह है, जिसका प्रमाण SRCC जैसे संस्थान हैं।
माननीय राष्ट्रपति ने विशेष रूप से बालिकाओं के लिए
छात्रावास स्थापित करने की SRCC की अग्रणी पहल की
सराहना की और शिक्षा तक पहुँच बढ़ाने तथा महिला सशक्तीकरण को आगे बढ़ाने में इसकी
भूमिका को स्वीकार किया। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए, उन्होंने उनसे भारतीय मूल्यों से संबद्ध रहते हुए
विश्वस्तरीय उत्कृष्टता प्राप्त करने, वंचित वर्गों के
लिए अवसर सृजित करने और उभरती प्रौद्योगिकियों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने का
आग्रह किया। “धन सृजन से राष्ट्र निर्माण होता है” पर जोर देते हुए, उन्होंने युवाओं से व्यावसायिक उत्कृष्टता के साथ समानुभूति, नैतिकता और सदाचार को जोड़ने तथा विकसित भारत 2047 और उससे
आगे के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
SRCC की शासी निकाय के अध्यक्ष, श्री अजय एस.
श्रीराम ने शताब्दी समारोहों और वर्ष के दौरान आयोजित शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं संस्थागत कार्यक्रमों की शृंखला पर अपने
विचार साझा किए। उन्होंने कॉलेज के बुनियादी ढाँचे के विकास और दूसरी शताब्दी में
प्रवेश करते समय उसके दृष्टिकोण पर भी प्रकाश डाला।
शिक्षा राज्य मंत्री, श्री सुकांत
मजूमदार ने विकसित भारत के दृष्टिकोण और भारत की विकास संबंधी आकांक्षाओं को आगे
बढ़ाने में शिक्षा की परिवर्तनकारी भूमिका पर बात की। SRCC के आदर्श वाक्य ‘तमसो मा
ज्योतिर्गमय’ (अंधकार से प्रकाश की ओर), का उल्लेख करते
हुए, उन्होंने अज्ञानता को दूर करने और प्रगति का मार्ग आलोकित
करने में ज्ञान की परिवर्तनकारी शक्ति की ओर ध्यान आकर्षित किया।
दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति, प्रोफेसर योगेश सिंह ने माननीय राष्ट्रपति को विशेष रूप से
तैयार किया गया SRCC शताब्दी स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
शताब्दी वर्ष के दौरान कई महत्त्वपूर्ण पहलें की गईं, जिनमें एक स्मारक डाक टिकट और ₹100 के सिक्के का विमोचन, हिंदी
और अंग्रेज़ी शताब्दी काव्य संकलन तथा दो दिवसीय ‘पाथवेज़ टू विकसित भारत कॉन्क्लेव’
शामिल थे, जिसमें नीति-निर्माताओं, उद्योग जगत के
नेताओं और विशेषज्ञों ने भारत की विकास संबंधी प्राथमिकताओं पर विचार-विमर्श करने
के लिए भाग लिया।
शताब्दी समारोहों का समापन समारोह SRCC की सौ वर्षों की यात्रा में एक निर्णायक क्षण साबित हुआ।
कॉलेज अब शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार, जिम्मेदार नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के प्रति नए संकल्प
के साथ अपनी अगली शताब्दी की ओर अग्रसर है।
रिपोर्ट प्रस्तुति – प्रो. रवि शर्मा, संयोजक, प्रचार समिति

