गाजियाबाद। अमित्र फाउंडेशन्स ने हिंदी भवन में सुप्रसिद्ध साहित्यकार एवं कवि बी.एल. बत्रा ' 'अमित्र' की स्मृति में सांस्कृतिक समारोह, सम्मान समारोह, पुस्तक लोकार्पण एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ कवि श्री सुरेन्द्र शर्मा ने किया। समारोह में साहित्य, शिक्षा, कला, खेल और सामाजिक क्षेत्र की विभूतियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदा एवं बी.एल. बत्रा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। कविनगर प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की। इसके बाद बत्रा जी के जीवन और व्यक्तित्व पर आधारित वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया, जिसमें उनकी अपनी आवाज सुनाई दी।
समारोह में समारोह अध्यक्ष डॉ. रमा सिंह, मुख्य अतिथि अमिताभ अग्निहोत्री तथा अतिविशिष्ट अतिथि राजेन्द्र गुप्ता सहित अन्य अतिथियों का अंगवस्त्र, मोतियों की माला और भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट कर सम्मान किया गया। सांसद अतुल गर्ग, विधायक संजीव शर्मा, सिने अभिनेता निशिकांत दीक्षित, क्षेत्रीय पार्षद शीतल दयोल और भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध कवि एवं पत्रकार डॉ. चेतन आनंद के पांचवें काव्य संग्रह 'शब्द शब्द पंछी' का लोकार्पण भी आमंत्रित अतिथियों के कर कमलों से हुआ।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने ‘रंगीलो म्हारो ढोलणा’, ‘भरे नैना’, ‘जलवा जलवा’, ‘कान्हा तेरी मुरली’ और कालबेलिया नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की सराहना प्राप्त की। मीनाक्षी सिंह ने ‘परछाइयां’ पर एकल नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि संजलि चौरसिया ने ‘चिट्ठी न कोई संदेश’ पर भावपूर्ण नृत्य किया।
समारोह में 14 विभूतियों को सम्मानित किया गया। इनमें संगीतज्ञ हरिदत्त शर्मा, संस्कृत विद्वान डॉ. यतीन्द्र कटारिया विद्यालंकार, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ. ऋचा सूद, पूर्व मंत्री एवं शिक्षाविद् बालेश्वर त्यागी, रज्जू भैया सैनिक स्कूल के चेयरमैन सी.एल. बरेजा, साहित्यकार मीरा शलभ, कवयित्री अंजु जैन, वंदना कुंअर रायजादा, रंगकर्मी अक्षयवर नाथ श्रीवास्तव, डॉ. राखी अग्रवाल, अदिति अस्थाना, शुचि मेहरा, सुभाष गर्ग और अतुल त्यागी शामिल रहे।
कवि सम्मेलन में डॉ. अनिल बाजपेयी, डॉ. चेतन आनंद, कुशल धुनेरिया और सुरेन्द्र शर्मा सहित अन्य कवियों ने काव्य पाठ किया। कवियों की रचनाओं ने श्रोताओं को साहित्यिक रस से सराबोर किया। कवियों को अंगवस्त्र, मोतियों की माला और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। सफल मंच संचालन सुरेन्द्र शर्मा ने किया।
कार्यक्रम के अंत में अमित्र फाउंडेशन्स के सह संस्थापक समीर बत्रा और अध्यक्ष तन्वी बत्रा ने सभी अतिथियों, सहयोगियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह ने बी.एल. बत्रा की स्मृतियों को जीवंत करते हुए साहित्यिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

