बरनाला, 12 सितंबर: संत निरंकारी मिशन द्वारा “समस्त संसार एक परिवार” के संदेश को जीवन में अपनाते हुए मानव कल्याण की दिशा में निरंतर सेवा कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में संत निरंकारी सत्संग भवन बरनाला में निःशुल्क आंखों की जांच एवं उपचार शिविर आयोजित किया गया।
पंजाब आई अस्पताल, बरनाला की ओर से डॉ. गुरपाल एवं डॉ. दीक्षा गोयल की देखरेख में आयोजित शिविर में बरनाला एवं आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों की निःशुल्क आंखों की जांच की गई तथा जरूरतमंदों को दवाइयां वितरित की गईं।
इस अवसर पर बरनाला ब्रांच के संयोजक जीवन गोयल ने पंजाब आई अस्पताल की पूरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी जरूरतमंद की पीड़ा कम कर उसके जीवन में रोशनी लाना मानव सेवा का सच्चा स्वरूप है। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी मिशन द्वारा मेडिकल कैंप, रक्तदान, स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाओं के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग की भलाई के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के मार्गदर्शन में निरंकारी श्रद्धालु बिना किसी भेदभाव के मानवता की सेवा को अपना कर्तव्य मानकर निभा रहे हैं।
शिविर में निरंकारी सेवादारों ने मरीजों की सहायता एवं व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शिविर में पहुंचे लोगों ने इस मानवीय प्रयास के लिए संत निरंकारी मिशन एवं पंजाब आई अस्पताल का आभार व्यक्त किया।
