गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस 2025 की थीम ‘बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन’ के तहत पौधारोपण करने के बाद अपने विचार प्रकट करते हुए मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने कहा कि “बीट प्लास्टिक पॉल्यूशन“ मतलब वैश्विक स्तर पर पर्यावरण परिवर्तन अभियान। यह अभियान प्लास्टिक के दुष्प्रभावों, उससे मानव और प्रकृति को होने वाले नुकसान पर प्रकाश डालता है।
उन्होंने कहा कि यह हर किसी को हर तरीके की प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने के लिए प्रोत्साहित करता है। साथ ही बताता है कि हम प्रकृति के साथ सामंजस्य बैठाएं और स्वच्छ, हरित और स्थायी जीवन को सक्षम बनाने की नीतियों और विकल्पों में बदलाव लाएं। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के महासचिव सीए अशोक कुमार सिंघल ने कहा कि मेवाड़ संस्थान ने इस दिन को मनाने और युवा पीढ़ी को इस आयोजन के बारे में जागरूक करने के लिए पौधारोपण अभियान शुरू किया है। जो समय-समय पर चलता रहेगा। मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस की निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल ने कहा कि अगली पीढ़ी तक हरियाली पहुंचाने का दायित्व हमारा है। इसे आज ग्लोबल वार्मिंग के संकट में समझना बहुत आवश्यक है। इस मौके पर मेरठ यूनिवर्सिटी से परीक्षा के लिए नियुक्त आब्जर्वर डॉ. गजेंद्र प्रताप सिंह, मेवाड़ लॉ इंस्टीट्यूट के प्रिंसिपल डॉ. अटल कुमार सहित मेवाड़ परिवार के उपस्थित सदस्यों ने भी पौधारोपण किया।