गाजियाबाद। वसुंधरा स्थित मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में पानी बचाओ का संदेश देने के अलावा विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक व साहित्यिक कार्यक्रमों के जरिये होली मिलन समारोह धूमधाम से मनाया गया। फूलों व गुलाल से होली खेलकर लोगों को बूंद-बूंद पानी बचाने के लिए प्रेरित किया गया। इस मौके पर मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन डॉ. अशोक कुमार गदिया ने कहा कि मुश्किल हालात में भी खुश रहने के लिये भारत में त्योहार मनाने की एक बड़ी श्रृंखला है। यही हमारी संस्कृति हमें पूरे विश्व में सबसे अलग पहचान देती है।
उन्होंने कहा कि हममें लाख कमियां हों, बुराइयां हों या पिछड़ापन हो मगर खुश रहने और सबको खुश रखने की परम्परा, पर्व व संस्कृति हमारे देश के अलावा कहीं नजर नहीं आती। उन्होंने कहा कि मुश्किल हालात में भी पर्व मनाकर हम खुशियां ढूंढ लेते हैं। यह सिर्फ भारत ही सिखाता है। इस मौके पर मेवाड़ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के महासचिव अशोक कुमार सिंघल, निदेशिका डॉ. अलका अग्रवाल सहित मेवाड़ परिवार के तमाम सदस्य मौजूद थे। स्टाफ के अनेक लोगों ने कविताओं और नृत्य के माध्यम से होली का खूब माहौल बनाया।